
जबलपुर । हाई कोर्ट में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की ओर से दायर चुनाव याचिका पर सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की एकलपीठ ने मामले में प्रतिवादियों को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर 2026 को होगी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रतिवादी क्रमांक एक को याचिका की पठनीय प्रति और संबंधित दस्तावेज ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्रतिवादी क्रमांक दो को भेजा गया नोटिस बिना तामील लौट आया। याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि नोटिस उसी पते पर भेजा गया था, जो प्रतिवादी ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दिए आवेदन में दर्ज कराया था। अदालत ने प्रतिवादी क्रमांक दो को नए सिरे से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए ।
प्रतिवादी क्रमांक तीन का नोटिस प्राप्तकर्ता द्वारा लेने से इनकार किए जाने के कारण तामील माना गया। हालांकि अदालत ने उसे जवाब दाखिल करने और उपस्थित होने का एक और अवसर दिया है।
वहीं, प्रतिवादी क्रमांक चार, पांच और छह की ओर से उनके नाम पक्षकारों की सूची से हटाने के लिए आवेदन पेश किया गया। इस पर याचिकाकर्ता ने जवाब देने के लिए समय मांगा, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए दो सप्ताह का समय दिया।।नामांकन निरस्त करने को दी चुनौती….
मीनाक्षी नटराजन ने अपनी चुनाव याचिका में कहा है कि उन्होंने मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के लिए नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पर आपत्ति पेश किए जाने के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने सुनवाई कर उनका नामांकन नियम विरुद्ध तरीके से निरस्त कर दिया। इसी कार्रवाई को उन्होंने चुनाव याचिका के माध्यम से हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
