बड़वानी में ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक; 19 गांवों में 400 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने एक साथ की सर्चिंग, 26 हजार से अधिक पौधे मिले

इंदौर । बड़वानी के दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी के बाद पुलिस ने पैदल सर्चिंग कर गांजे की अवैध खेती का बड़ा खुलासा किया है। थाना वरला क्षेत्र के 19 गांवों में चलाए गए ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक में पांच खेतों से 26 हजार से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 27 क्विंटल से अधिक और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई की खास बात यह रही कि बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने एक साथ दुर्गम इलाकों में सर्चिंग की। पहले ड्रोन के जरिए पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों की निगरानी की गई, इसके बाद पुलिस टीमें पैदल संदिग्ध स्थानों तक पहुंचीं और खेतों की तलाशी ली।
:: पांच दूरस्थ इलाकों में मिले गांजे के खेत ::
सर्चिंग के दौरान डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के दूरस्थ पहाड़ी-जंगल क्षेत्रों में गांजे की खेती वाले पांच खेत चिन्हित किए गए। यहां से 26 हजार से अधिक पौधे बरामद हुए। पुलिस के अनुसार जब्त पौधों का कुल वजन 27 क्विंटल से अधिक है।
:: वन भूमि पर मिले खेत, कब्जाधारियों की तलाश ::
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में सामने आए खेत वन भूमि पर स्थित पाए गए हैं। अब वन विभाग से संबंधित पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
:: तीन जिलों की पुलिस ने संभाला मोर्चा ::
अभियान पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर, पुलिस उपमहानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन और पुलिस अधीक्षक बड़वानी के निर्देशन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी सेंधवा के नेतृत्व में तीन जिलों के पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार दुर्गम वन और पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की खेती की पहचान के लिए ड्रोन और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल आगे भी किया जाएगा। अंतरजिला समन्वय के जरिए अवैध खेती और तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई जारी रहेगी।
