Spread the love

चेन्नई । एआई का इस्तेमाल कर सीएम सी जोसेफ विजय का ‘डीपफेक’ वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करके लोगों को ठगने के आरोप में तमिलनाडु की सीआईडी ने राजस्थान के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि ‘डीपफेक’ ऐसी नकली तस्वीर, वीडियो या ऑडियो को कहते हैं जिसे एआई और ‘डीप लर्निंग’ तकनीक की मदद से इस तरह बनाया या बदला जाता है कि वह असली दिखे और सुनाई दे। आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ के रहने वाले शायबू खान (28) के तौर पर हुई है। उसे 12 सितंबर को एक विशेष टीम ने पकड़ा था।
आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक अपराध शाखा ने नियमित निगरानी के दौरान सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर ऐसे वीडियो देखे जिनमें सीएम विजय जैसी दिखने वाले एआई रूप से तैयार वीडियो और हिंदी ‘वॉइसओवर’ था। इन वीडियो में लोगों से कहा गया था कि वे आर्थिक मदद पाने के लिए व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क करें। विज्ञप्ति में कहा गया कि इनका मकसद भोले-भाले नागरिकों को धोखा देना था।
आधिकारिक शिकायत मिलने के बाद सीबी-सीआईडी के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने एक सितंबर को मामला दर्ज किया था। डिजिटल साक्ष्यों से पता चला कि इस ठगी का शिकार मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के लोग भी बने थे। धोखाधड़ी वाले वीडियो सोशल मीडिया से हटवाने के बाद पुलिस की दो विशेष टीम को राजस्थान और मध्य प्रदेश भेजा गया। अलवर में गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक सीपीयू जब्त किया। आरोपी को तमिलनाडु लाया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मध्य प्रदेश के एक पीड़ित से मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों और उसके बयान से आरोपी के खिलाफ मामला और मजबूत हुआ है।
जांचकर्ता फिलहाल यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी ने इसे अकेले अंजाम दिया था या वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा था। पुलिस ने पुष्टि की है कि ये वीडियो उन फेसबुक अकाउंट से भी साझा किए जा रहे हैं जिनके पाकिस्तान से संचालित होने का शक है। विदेशी अपराधियों का डिजिटल तरीके से पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *