
नर्मदापुरम । एसडीओपी नर्मदापुरम जितेंद्र कुमार पाठक द्वारा डीजे संचालकों को शांति समिति की बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी यदि कान फोड़ू डीजे बजाएगा तो सख्त कार्रवाई होगी। रविवार सोमवार दरमियानी रात सिटी कोतवाली थाने के सामने सतरास्ते पर ही कान फोड़ू डीजे बजाते पाए जाने पर जप्त कर सिटी कोतवाली में खड़ा किया गया और वैधानिक कार्यवाही की गई। अवगत हो कि
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा के निर्देशन, एएसपी अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एसडीओपी जितेंद्र पाठक के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन द्वारा पूर्व में शांति समिति की बैठक डीजे संचालकों को स्पष्ट समझाइश दी गई थी कि वे निर्धारित ध्वनि-मानकों एवं समय-सीमा का पालन करते हुए ही डीजे का संचालन करें। उन्हें यह भी अवगत कराया गया था कि अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजाने से आमजन को परेशानी सहित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने के संबंध में भी चेतावनी दी गई थी। इसी क्रम में 14 सितंबर की रात्रि गश्त के दौरान थाना कोतवाली पुलिस को सतरस्ता के पास मेन रोड पर डीजे वाहन क्रमांक एमपी 04 वाईपी 0630 से अत्यधिक तेज एवं कानफोड़ ध्वनि में संगीत बजता हुआ मिला। जांच के दौरान डीजे संचालक द्वारा सक्षम प्राधिकारी की वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई। इस पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन एवं उसमें लगा साउंड सिस्टम जप्त किया है। डीजे संचालक ललित पिता कमल किशोर वर्मा (25) निवासी होंडा शोरूम के पीछे, विक्रम नगर, रसूलिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 858/2026 धारा 15 मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
