
6 दुकानों को किया सीलबंद, 11 प्रतिष्ठानों से जांच के लिए सेंपल किए एकत्र
बालाघाट। शुक्रवार को रट्टा गांव में ग्रामीणों के फूड पॉयजनिंग का शिकार होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। शनिवार को खाद्य विभाग के अमले ने करीब डेढ़ दर्जन दुकानों में जांच कार्रवाई की। जिसमें से 6 दुकानों को सीलबंद कर दिया गया है। वहीं 11 प्रतिष्ठानों से जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए है। खाद्य विभाग की कार्रवाई से विक्रेताओं में हडकंप मचा हुआ है।
शनिवार को कलेक्टर मृणाल मीणा एवं अभिहित अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय के निर्देशन में खाद्य विभाग ने नगर के गुपचुप व चाट दुकानों की जांच की। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा ग्राम रट्टा के सुनील बरामारे गुपचुप एवं चाट का निरीक्षण करते हुए 6 नमूने जांच के लिए लिये गये। वहीं शहर में काली पुतली चौक स्थित जय मां शक्ति चाट से पानी पुरी के पानी के नमूने, जय स्तंभ स्थित मुच्छड़ पोहा, एमपी 50 पराठा हब और शेरे पंजाब पराठा वाला तीनों प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस पाए जाने पर बंद कराए गए। इसके साथ ही अंबेडकर चौक स्थित खाटू श्याम गुपचुप एवं चाट से पानी पुरी का नमूना लेते हुए उसे भी रजिस्ट्रेशन नहीं पाए जाने पर बंद कराया गया। जबकि भटेरा रोड स्थित छोटे राजा गुपचुप केंद्र एवं बृजवासी गुपचुप सेंटर से पानी पुरी के नमूने लेकर दोनों दुकानों को बिना रजिस्ट्रेशन के पाए जाने पर तत्काल बंद कराया गया एवं सुधार के सख्त निर्देश दिए गए। इस प्रकार शनिवार को कुल 11 नमूने जांच के लिये लिए गए एवं 6 दुकानों को सील बंद किया गया। इन पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडात्मक कार्यवाही की जा रही है। समस्त कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वाजिद मोहिब एवं योगेश डोंगरे, प्रशासनिक नायब तहसीलदार आदि उपस्थित रहें।
