
मार्च में पूरा हो रहा चार राज्यों का विधानसभा कार्यकाल
नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में जनवरी 2027 में विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। इनमें मणिपुर, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक जनवरी में चुनाव कराने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
इन पांच राज्यों में से चार विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में निर्धारित समयसीमा के भीतर नई विधानसभा के गठन के लिए चुनाव कराना जरूरी होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान चुनावी प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्था के बीच तालमेल की चुनौती को देखते हुए जनवरी में मतदान कराए जाने की संभावना पर मीडिया में चर्चा हो रही है।
विधानसभा कार्यकाल की अंतिम तारीखों के मुताबिक, मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027, गोवा का 14 मार्च, पंजाब का 16 मार्च और उत्तराखंड का 28 मार्च 2027 को पूरा हो रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। इन तारीखों को देखते हुए चुनाव आयोग को चार राज्यों में मार्च से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
