Spread the love

धमकियों से घिरा दिलजीत का ऑरा इंडिया टूर…..

ग्वालियर। मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर पर लगातार खतरों के बीच अब खालिस्तानी नेशनल आर्मी ने ग्वालियर हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी है। यह धमकी भरा ईमेल एक संदिग्ध आईडी से आया है, जिसके तार दिलजीत के कॉन्सर्ट से जोड़कर देखे जा रहे हैं। इन धमकियों के कारण मध्य प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक हड़कंप मच गया है। दिलजीत का 15 नवंबर को इंदौर में और 27 नवंबर को मुंबई में कॉन्सर्ट होने वाला है। इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से ठीक पहले इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव को भी खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से धमकी भरा मेल मिला था। इस मेल के बाद इंदौर में आयोजन को लेकर संशय बन गया था। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए नई आयोजक एजेंसी को कॉन्सर्ट कराने की अनुमति दी गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। धमकियों और खौफ के माहौल के बीच दिलजीत दोसांझ ने बेहद बेबाक अंदाज में सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपने फैंस का दिल जीत लिया था। उन्होंने कहा था, 15 तारीख को इंदौर आ रहा हूं, चाहे कुछ भी हो जाए मेरा इरादा नहीं बदलेगा। मैं किसी भी धमकी से डरने वाला नहीं हूं। जो मेरे लिए संकट खड़ा करेगा, मैं उसके लिए संकट बन जाऊंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *