
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने केंद्र की बीजेपी सरकार और मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार पर रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर तीखा हमला बोला है। इस बढ़ोतरी के बाद मध्यप्रदेश में सिलेंडर की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे आम जनता, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्री नायक ने इस फैसले को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि बीजेपी सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसे जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।
मध्यप्रदेश में सिलेंडर की नई कीमतेंः जनता पर बढ़ा बोझ
श्री नायक ने बताया कि इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 808.50 रुपये से बढ़कर 858.50 रुपये हो गई है, जबकि मुरैना में यह कीमत 937 रुपये तक पहुंच गई है, जो राज्य में सबसे अधिक है।
उन्होंने कहा, यह बढ़ोतरी न केवल घरेलू उपभोक्ताओं, बल्कि छोटे व्यवसायियों, ढाबा मालिकों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए भी भारी बोझ बन रही है। मध्यप्रदेश में पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए यह किसी सदमे से कम नहीं है।
शिवराज सरकार का झूठा वादाः 500 रुपये में सिलेंडर का सपना अधूरा
श्री नायक ने मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार पर चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़े-बड़े वादे किए थे। उन्होंने घोषणा की थी कि मध्यप्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत मिल सके। इस वादे ने जनता में उम्मीद जगाई थी, लेकिन अब यह बढ़ोतरी उस वादे को खोखला साबित कर रही है। 500 रुपये में सिलेंडर देने का सपना दिखाने वाली सरकार अब 858.50 रुपये तक की कीमत वसूल रही है। यह जनता के साथ विश्वासघात है। बीजेपी सरकार ने अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह से नाकामी दिखाई है और अब कीमतें बढ़ाकर जनता के जख्मों पर नमक छिड़क रही है।
उज्ज्वला योजना की हकीकतः गरीबों के लिए राहत नहीं, बोझ..
श्री नायक ने उज्ज्वला योजना को लेकर भी बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार उज्ज्वला योजना को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताती है, लेकिन हकीकत यह है कि सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के कारण गरीब परिवार इसे रिफिल कराने में असमर्थ हैं। मध्यप्रदेश में उज्ज्वला योजना के तहत लाभान्वित परिवार पहले ही रिफिल कराने में परेशानी झेलरहे थे। 29 अगस्त 2023 को सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की कटौती की थी, लेकिन अब 50 रुपये की बढ़ोतरी ने उस राहत को भी बेअसर कर दिया है। यह साफ है कि बीजेपी सरकार की नीतियां गरीबों के हित में नहीं, बल्कि सिर्फ चुनावी जुमलेबाजी का हिस्सा हैं।
केंद्र सरकार की कमाई, जनता की परेशानी
श्री नायक ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 2024-25 में केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 17.8 रुपये और डीजल पर 21.9 रुपये प्रति लीटर टैक्स वसूल कर 41,338 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, सिलेंडर की कीमतों से सरकार को 16,000 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर की कीमत 553 रुपये से बढ़कर 32,000 करोड़ रुपये का लाभ सरकार को हुआ, लेकिन आम जनता को राहत के नाम पर सिर्फ खोखले वादे ही मिले। यह साफ है कि बीजेपी सरकार की प्राथमिकता जनता की भलाई नहीं, बल्कि अपनी तिजोरी भरना है।
महंगाई की मारः मध्यप्रदेश की जनता त्रस्त
श्री नायक ने मध्यप्रदेश में बढ़ती महंगाई पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में आई है, जब मध्यप्रदेश पहले ही महंगाई की चपेट में है। सब्जियों से लेकर दाल, तेल और अन्य जरूरी चीजों की कीमतें आसमान छू रही हैं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जैसे शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक, हर जगह लोग बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। ऐसे में रसोई गैस की कीमतों में इजाफा गरीब और मध्यम वर्ग के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। एक सामान्य परिवार, जो पहले से ही अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है, अब इस बढ़ी हुई कीमत को कैसे वहन करेगा?
बीजेपी सरकार से मांगः फैसला वापस लें, जनता को राहत दें
श्री नायक ने बीजेपी सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश की जनता अब और बोझ नहीं सह सकती। बीजेपी सरकार को चाहिए कि वह इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस ले और जनता को राहत दे। अगर सरकार ने जनता की मांगों को अनसुना किया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज को बुलंद करेगी। हम मध्यप्रदेश की जनता के साथ खड़े हैं और उनके हक के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे।
