Spread the love

मिस कॉल से हुई थी महिला-असिस्टेंट इंजीनियर की दोस्ती …….कुंडम के पास कार में किया रेप

जबलपुर । सरकारी नौकरी के नाम पर महिला से रेप करने वाले पंचायत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को कुंडम थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी पंकज सिंह मूलतः रीवा का रहने वाला है। जबलपुर के बिलहरी में वह खुद के मकान में पत्नी और बेटे के साथ रहता था। पंकज सिंह के जेल जाने के बाद अब उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।

जल्दबाजी में मिस कॉल हो गया और पंकज को लग गया

जबलपुर के गढ़ा में रहने वाली महिला ने करीब 25 दिन पहले पंकज सिंह के मोबाइल पर मिस कॉल किया था। दरअसल महिला अपनी एक फ्रेंड को कॉल कर रही थी। जल्दबाजी में गलत नंबर डायल हो गया और कॉल पंकज को लग गया। महिला ने असिस्टेंट इंजीनियर से माफी मांगते हुए कहा कि वह अपनी फ्रेंड को कॉल कर रही थी, पर गलती से आपको लग गया। इतना बोलने के बाद महिला ने फोन कट कर दिया। अगले दिन पंकज सिंह परिहार ने फिर से महिला को कॉल किया और बताया कि वह सरकारी विभाग में अधिकारी है। पंकज सिंह के कॉल करने पर महिला ने बताया कि वह अभी प्राइवेट जाॅब कर रही है। लेकिन पारिवारिक स्थिति को देखते हुए वह सरकारी नौकरी करना चाहती है। पंकज सिंह ने महिला की उम्र पूछी। उसने अपनी उम्र 35 साल बताई। कहा कि कई बार नौकरी के लिए एग्जाम दे चुकी है। इस पर पंकज सिंह ने कहा कि वह पंचायत विभाग में पदस्थ है और कई वरिष्ठ अधिकारियों से पहचान है। इसके अलावा डिंडोरी में स्वस्थ्य विभाग के अधिकारी भी पहचान वाले हैं। अगर चाहे तो वह अधिकारियों से बात करके सरकारी विभाग में नौकरी लगवा सकता है।

वॉट्सऐप पर होने लगी चैटिंग

शुरुआत के कुछ दिन तो पंकज महिला से कॉल पर नौकरी और एजुकेशन को लेकर बात करता था। बाद में उसने महिला को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजना शुरू कर दिया। महिला भी हां-ना पर रिप्लाई करने लगी। धीरे-धीरे पंकज महिला को वॉट्सऐप वीडियो कॉल भी करने लगा। इस दौरान उसने कई बार महिला को अपने घर और डॉग की फोटो भी भेजी। पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ पंकज सिंह जब वीसी में जुड़ता था, तो उसके भी स्क्रीनशॉट महिला को यह कहते हुए भेजता था कि ये विभाग के वरिष्ठ अधिकारी हैं। ये चाह ले तो पंचायत विभाग में बड़ी ही आसानी से सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं।

शनिवार को आप आ जाओ डिंडोरी

आरोपी असिस्टेंट इंजीनियर ने शुक्रवार रात 9 बजे वॉट्सऐप चैटिंग पर कहा कि शनिवार को अगर चाहे तो वह डिंडोरी आकर अधिकारी से मिल सकती है। जिस पर महिला ने पंकज सिंह से पूछा कि सुबह कितने बजे तक वहां पहुंचना होगा। वॉट्सऐप चैटिंग पर करीब 45 मिनट तक दोनों की बात होती रही। पंकज ने कहा कि जब भी आप रेडी हो तभी निकल आओ। इस बार महिला ने कहा कि शनिवार को तो सरकारी छुट्टी रहती है। पंकज सिंह परिहार ने रात 9 बचकर 27 मिनट में मैसेज किया और कहा कि वीसी हो गई है। अधिकारी से भी बात हो गई है। आप चाहो तो कॉल कर सकती हो। इस पर महिला ने 9:28 पर वॉट्सऐप कॉल किया। जिसमें यह प्लान बनाया गया कि शनिवार को महिला सुबह दीनदयाल बस स्टैंड से डिंडोरी के लिए निकलेगी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे महिला डिंडोरी बस स्टैंड पहुंची। वहां पर पंकज सिंह पहले से मौजूद था। उसने महिला को अपने साथ बैठाया और घर चलने को कहा। महिला के मना करने पर पंकज सिंह महिला को काफी देर तक कार में बैठाकर डिंडोरी शहर में घुमाता रहा। पंकज ने महिला से बताया कि उसके अधिकारी परिवार के साथ अमरकंटक गए हैं। अगर मिलना बहुत जरूरी है, तो वहां जाकर बात कर सकते हैं। महिला पंकज सिंह के साथ अमरकंटक जाने को तैयारी हो गई। पंकज सिंह ने यह कहते हुए किसी को कॉल किया कि वह उसके अधिकारी है और अमरकंटक में बुला रहे हैं। महिला आरोपी के साथ कार में बैठकर अमरकंटक के लिए निकल गई। रास्ते में पंकज ने शराब पी। दोपहर 3:00 बजे पंकज अमरकंटक पहुंचा। जहां पर उसने महिला से कहा कि आज सर से मुलाकात नहीं हो सकती है। वह परिवार के साथ व्यस्त हैं। अब सोमवार को मिल सकते हैं।

कुंडम के पास किया रेप

महिला ने बताया कि पंकज सिंह दोपहर से ही शराब पी रहा था। कई बार इसका विरोध भी किया। पर वह नहीं माना। अमरकंटक से जबलपुर लौटते समय जैसे ही रात को कार कुंडम से 10 किलोमीटर जंगल में पहुंची असिस्टेंट इंजीनियर ने महिला के साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि पंकज सिंह ने उसके साथ रेप किया और फिर धमकी भी दी। महिला ने बताया कि रात 12 बजे पंकज सिंह उसे दीनदयाल बस स्टैंड पर छोड़कर यह कहते हुए भाग गया कि अगर किसी से कुछ बताया तो जान से खत्म कर दूंगा। रात को महिला ने रिश्तेदार को कॉल किया और फिर देर रात ही कुंडम थाने में पंकज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।

मार्च 2024 में पूर्व जनपद अध्यक्ष ने पीटा था पंकज को

डिंडोरी जिले के करंजिया में एक साल पहले पूर्व जनपद अध्यक्ष ने भी पंकज सिंह को चप्पलों से पीटा था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था। रंजीता परस्ते ग्राम पंचायत काटी-गहन में चल रहे नाली निर्माण में मूल्यांकन का एक बिल लेकर जनपद ऑफिस पहुंची थी। इस काम का वैल्यूएशन करने वाला अधिकारी पंकज सिंह था। उसका रंजीता परस्ते से विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने पंकज की सरेराह चप्पलों से पिटाई कर दी।

हंसते हुए जेल गया पंकज

शनिवार देर रात को जैसे ही पंकज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई तो वह फरार हो गया। रविवार दोपहर को असिस्टेंट इंजीनियर जब परिवार के साथ जबलपुर छोड़कर भागने की फिराक में था, तब पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। कुंडम थाना पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को पंकज सिंह को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की गाड़ी में बैठकर भी पंकज सिंह हंसता रहा। पंकज सिंह की कार भी जब्त कर ली है। उस पर पहले भी छेड़खानी के मामले दर्ज हैं। इसकी भी जांच की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *