अपने घरों में लगे नलों में टोंटियां लगाएं
समय से पीने का पानी नही मिल रहा बजरिया वार्ड नंबर 5 के निवासी पहुंचे थे कलेक्टर बंगला

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने दमोह जिले के नागरिकों से आग्रह किया है, खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में जहाँ पर नगरपालिका के नल कनेक्शन के माध्यम से पानी मिलता है और ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ जल निगम के माध्यम से पानी मिलता है। पानी के मोल को पहचाने यदि पानी मिल रहा है तो व्यर्थ ना बहने दें। श्री कोचर ने सभी से आग्रह किया कि अपने-अपने घरों के पास नलों में लोग टोंटी लगवाये और टोटी लगाकर पानी का उपयोग करते हैं तो पानी की बचत होगी। यह बहुत बड़ा योगदान देश और समाज के लिए होगा । क्योंकि हम जल बचाएंगे और अपना कल बचाएंगे, आईये हम सब मिलकर के अपने-अपने घरों के नल कनेक्शन को एक बार देखें और यदि टोंटी नहीं लगी हो तो टोंटी जरूर लगवाए ।
उन्होंने कहा इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है एक अभियान चलाया जाए जिसमें कहे की पानी बचाओ, टोंटी लगाओ। उन्होंने सभी पार्षदों, निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण, सरपंचों और सभी पंचों से कहा अपने-अपने क्षेत्र में चेक करवाऍ कि नलों में टोटियॉ लगी हुई हों, इसके लिए सरकारी धन खर्च करने की आवश्यकता नहीं है, 25-30 रूपये की टोंटी आती है, तो प्रत्येक व्यक्ति इतना तो खर्च कर सकता है कि वह अपने नल के आगे टोंटी लगा दे।
ज्ञातव्य है कलेक्टर श्री कोचर के निवास पर काफी बड़ी संख्या में पुरुष महिलाएं और पार्षद पहुंचे थे और उनकी एक ही समस्या थी कि बजरिया वार्ड नंबर 5 में समय से पीने का पानी नही मिल रहा है, जब वार्डवासियों से बात की और ध्यान से उनकी समस्या को सुना तो एक बड़ी समस्या निकल करके आई कि कई वार्डवासी पानी व्यर्थ बहा रहे हैं और पानी के व्यर्थ बहने के कारण दूसरों को पानी नहीं मिल पा रहा हैं, जिस पानी की उनको जरूरत हैं। लोगों ने अपने घर के नलों में टोंटिया नहीं लगाई हैं और टोंटिया नहीं लगने से पानी व्यर्थ बहता रहता है और नालियों में चला जाता है, जिनको जरूरत होती है उनको पानी नहीं मिल पाता । उन्होंने कहा सब जानते हैं कि पर्यावरण की स्थिति क्या है, जल की स्थिति क्या है, किस तरह का जल संकट पूरे देश पूरे विश्व में है और यदि ऐसा ही हाल रहा तो हम पानी की बूंद-बूंद के लिए किसी दिन तरस जाएंगे।
