
पार्टी मनाकर लौट रहे थे कार सवार, कार के उड़े परखच्चे
भोपाल। शहर के नजदीक बागसेवनिया थाने के सामने बीती रात लगभग पौने दो बजे हुए दर्दनाक एक्सीडेंट में कार सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि एक बहन के पति और दो दोस्तो सहित तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए है। यहॉ एक तेज रफ्तार कार मोड़ पर डंपर में जा घुसी। हादसे में घायलों को इलाज के लिये दो अलग अलग निजी अस्पतालो में भर्ती कराया गया है, जहॉ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवो को पीएम के लिए एम्स भेज दिया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी के रजत गोल्डन नेस्ट, कटारा हिल्स भोपाल में रहने वाली शिखा वर्मा पिता जय प्रकाश वर्मा (29) प्राइवेट जॉब करती थी। बीती रात वह अपनी बड़ी बहन दीपाली वर्मा (32) और बहनोई मनोराज वर्मा सहित सुयश चौहान और सक्षम तिवारी के साथ एक पार्टी में शामिल होने होटल कोर्टयार्ड गई थी। होटल में पार्टी करने के बाद सभी लोग होंडा सिटी कार से कटारा हिल्स लौट रहे थे। बताया गया है की जब कार बीयू के पास से गुजरी उस समय उसकी स्पीड करीब 100 के ऊपर थी। बागसेवनिया थाना के सामने चौराहा पर पहुंचते ही कार टर्न हो रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। बताया जा रहा है की काफी तेज रफ्तार होने के कारण कार ड्राइवर ट्रक को देख नहीं सका और कार सीधी ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। हादसा इतना भीषण था की कार के टकराते हुए तेज आवाज में धमाका हुआ और कार के परखच्चे उड़ गए। थाने के सामने ही धमाके की आवाज सुनकर वहॉ मौजूद भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार बुरी तरह से डंपर से चिपट गई थी। पुलिस ने काफी मशक्कत कर कार में मौजूद लोगों को बाहर निकालते हुए इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने चेक करने के बाद शिखा वर्मा और दीपाली वर्मा को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में घायल शिखा के बहनोई मनोराज उनके परिचित सुयश चौहान और सक्षम तिवारी का अलग अलग निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है की फिलहाल एक्सीडेंट के कारणो की जॉच की जा रही है, लेकिन बुरी तहर से चकनाचूर हुई कार की हालत देखकर अनुमान है, कि कार 100 किलोमीटर प्रतिघंटे से भी अधिक की रफ्तार में रही होगी। कार के दोनों एयरबैग खुलकर फट गये थे। संभवत हादसा ओवरस्पीडके कारण हुआ है। वहीं डंपर बागसेवनिया के थाने के पास वाली अस्सी फीट रोड पर पहुंच रहा था। लगभग उसका पूरा हिस्सा निकल चुका था, कार उसके पिछले टायर में आकर घुसी है। मृतका शिखा वर्मा और दीपाली वर्मा सगी बहनें है। शिखा वर्मा के पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं। रिटायरमेंट के बाद रजत विहार में उन्होंने मकान बनाया था, और परिवार के साथ रह रहे थे। दोनो बहनों शिखा और दीपाली के शवो को पीएम के बाद परिवार वालो को सौपं दिया गया है। पुलिस ने डंपर को जब्त कर आगे की जांच शुरु कर दी है।
