एम काम तक पढ़ा युवक खुद को बता रहा था IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर …………….. गुजरात का है रहने वाला
गांधीनगर में 21 महिलाओं से धोखाधड़ी की थी
इन्दौर । होटल प्रबंधन द्वारा शंका के बाद की गई शिकायत पर पुलिस ने एक सनसनीखेज और हैरतअंगेज मामले में कार्रवाई करते खुद को आईएएस अधिकारी और जिला कलेक्टर बताने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। होटल प्रबंधन को युवक पर शंका उस समय हुई जब युवक द्वारा कुछ ड्राइवरों के परिवार सहित होटल में डिनर पार्टी देने के पश्चात उसकी बिल भुगतान पर कहा गया कि भुगतान दो घंटे बाद मेरा पी ए आ कर कर जाएंगा। जिसके बाद पी ए तो होटल नहीं पहुंचा ब्लकि पुलिस उस आईएएस कलेक्टर युवक के घर पहुंच गई और उसने गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वह इस तरह खुद की छबि स्थापित कर किसकी बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था क्योंकि पुलिस को उसके खिलाफ 21 महिलाओं से पूर्व में भी ठगी करने का मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।
मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है तथा खुद को कथित रूप से आईएएस अधिकारी और जिला कलेक्टर बताने वाले युवक का नाम हिमांशु पांचाल उम्र अठ्ठाइस साल निवासी ओमैक्स सिटी-1 स्थित शुभ आंगन प्रीमियम कॉलोनी है। हिमांशु मूलतः गुजरात के साबरमती अहमदाबाद का रहने वाला है और अभी एक माह पूर्व ही यहां ओमेक्स सिटी में किराए पर रहने आया था। उसने अपने घर के बाहर काले रंग की नेमप्लेट लगा रखी थी जिस पर ‘IAS राज सोनी, जिला कलेक्टर’ लिखा था। वहीं खुद को अधिकारी जैसा दिखाने की कोशिश के तहत उसने घर में ‘सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम भी रखा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने खुद को आईएएस अधिकारी और जिला कलेक्टर बताया। पुलिस ने उससे पोस्टिंग और पहचान से जुड़े सवाल किए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंदौर के होटल शेरेटन में खाना खाने पहुंचा। बिल देने की बारी आई तो उसने कहा कि उसके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं और उसका पी ए करीब दो घंटे में आकर भुगतान कर देगा। उसने होटल की सर्विस बुक में ‘राज सोनी’ नाम भी दर्ज कराया। होटल प्रबंधन को शक होने पर उसके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद टीआई व एसीपी ने खुफिया टीम बनाकर इसके घर की सर्चिग करवाई।
विजय नगर एसीपी पराग सैनी के अनुसार दो दिन पहले आरोपी हिमांशु ने खुद को कलेक्टर बताकर बायपास स्थित इलाके के कुछ ड्राइवरों को एक होटल में परिवार के साथ डिनर पार्टी दी थी। इसमें उसने अपने एक ड्राइवर के जरिये अन्य सभी ड्राइवरों को बुलाया था। कहा था कि मेरा जल्द ऑर्डर आने वाला है। आप सभी को अच्छी नौकरियां मिल जाएंगी। ऐसा उसने उनसे ठगी के उद्देश्य से किया था। आरोपी मूल रूप से जनकपुरी सोसायटी केशव नगर अहमदाबाद का रहने वाला है। एसीपी के अनुसार दो दिन पहले आरोपी ने होटल में जो डिनर पार्टी दी थी, उसमें बिल आने पर ये वहां से खुद को आईएएस बताकर निकल गया था। उससे पहले इसने होटल की हॉस्पिटेलिटी और खाने की तारीफ कर अपने नाम से एक लेटर ऑफ एप्रिशिएसन भी दिया था। बिल देने के बजाय ये बोलकर वहां से निकल गया कि खाने का बिल मेरा पीए 2 घंटे में आकर दे जाएगा। इस पर होटल वालों को शंका हुई तो उन्होंने थाने में शिकायत कर दी। आरोपी ने आईएएस राज सोनी के नाम से ही अपना आधार कार्ड भी बना रखा है। गांधीनगर में इस पर 23 मई 2026 को केस दर्ज हुआ है। इसने वहां 21 महिलाओं से धोखाधड़ी की थी। इस प्रकरण में गुजरात पुलिस से भी जानकारी मांगी जा रही है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

