
जेल से फरार होने का प्रयास कर रहा था कैदी घायल को इलाज के लिये भोपाल एम्स भेजा….. पसली में फंसी गोली
रायसेन । जिला जेल में बुधवार सुबह सुबह करीब 9 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब गेट पर फलो की टोकरी लेने गये हत्या के मामले में बंद एक कैदी नीलेश ठाकुर ने जेल से भागने का प्रयास किया। जब उसे रोकने की कोशिश की गई तब कैदी ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर कट्टे से दो गोलियां चला दी। एक गोली प्रहरी के कंधे के पास और दूसरी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य पुलिसकर्मियो की मदद से घायल प्रहरी को फौरन ही इलाज के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहॉ उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल स्थित एम्स रेफर कर दिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया हैं। मामले की जांच का जिम्मा आईजी रैंक के अधिकारी को सौंपा गया है।

स्कूली बच्चो का कार्यक्रम था जेल में, गेट खोलकर भागने लगा
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जेल परिसर में स्कूली बच्चों का कार्यक्रम होना था। इसकी तैयारियां के दौरान कैदी नीलेश ठाकुर को फलों की टोकरी लेने गेट के पास भेजा गया था। इसी दौरान मौका पाकर उसने जेल का गेट खोलकर फरार होने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर ने उसे रोकने की कोशिश की तब कैदी ने उस पर अवैध कट्टे से दो फायर कर दिए
घायल प्रहरी को इलाज के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही आला अफसर भी अस्पताल पहुंच गये। अस्पताल के डॉक्टरो ने बताया की गोली कमर के नीचे लगी और शरीर के अंदर घुस गई। एक्स-रे में गोली फेफड़े के निचले हिस्से में दिखाई दे रही है। फेफड़े में पानी भरने के कारण दिग्विजय की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने फौरन ही उन्हें भोपाल एम्स रेफर कर दिया है।
जेल में कट्टा पहुंचने, सुरक्षा व्यवस्था में चूक
गोली चलाने वाला नीलेश ठाकुर रायसेन में हुए पूर्व के गोलीकांड का आरोपी है, हत्या के प्रयास के मामले में विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में बंद है। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज है। वह बरेली तहसील के दिमाड़ा गांव का रहने वाला है। आरोपी के पास जेल के अंदर अवैध हथियार पहुंचने को सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है, घटना को लेकर सुरक्षा इंतेजामो पर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अफसरो का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास कट्टा कैसै पहुंचा।
जेल अधीक्षक निलंबित
सनसनीखेज घटना को लेकर जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया है। जॉच का जिम्मा जेल आईजी रैंक के अधिकारी को सौंपा गया है। शुरूआती जांच से यह अनुमान लगाया जा रहा है की जिस हथियार से गोली चलाई गई है, वह जेल के दीवार के बाहर से फेंका गया होगा। हालांकि सीसीटीवी फुटेज के साथ ही पूछताछ जारी है। जल्दी ही सारा खुलासा हो सकता है।
