
पुलिस ने तस्करों की तोड़ी कमर, 16 लाख का गांजा किया जब्त
बालाघाट । जिले में गांजा तस्करी के नेटवर्क के तार अब ओडिशा तक पहुंच गए हैं। पूर्व में गिरफ्तार तस्करी के आरोपियों से रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चांगोटोला पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले में दबिश देकर कथित गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31.570 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी को बालाघाट लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से गांजे के स्रोत, सप्लाई चैन और पूरे वितरण नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
पहले गिरफ्तार आरोपियों से मिला सुराग……
चांगोटोला थाना पुलिस के अनुसार, बीते दिनों गांजा तस्करी के मामले में जयकुमार नायक और दुलामनी गुआल को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान गांजा तस्करी के संबंध में की गई पूछताछ में आरोपी जयकुमार नायक ने ओडिशा में सक्रिय एक कथित गांजा सप्लायर के बारे में जानकारी दी। सुराग मिलने के बाद बालाघाट पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया और टीम को ओडिशा रवाना किया गया। पुलिस टीम ने वहां स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
बरगढ़ जिले में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी……….
पुलिस के अनुसार विशेष टीम ने ओडिशा के बरगढ़ जिले में कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर महेंद्र मलिक, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम मांडोसिल, थाना पाईकमल, जिला बरगढ़ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 31.570 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी को ओडिशा से बालाघाट लाकर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
स्रोत से लेकर सप्लाई नेटवर्क तक होगी पड़ताल…….
पुलिस रिमांड के दौरान महेंद्र मलिक से यह जानकारी जुटाएगी कि गांजा उसे कहां से प्राप्त होता था, वह इसे किन माध्यमों से और किन लोगों के जरिए दूसरे राज्यों अथवा जिलों तक पहुंचाता था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि बालाघाट सहित आसपास के क्षेत्रों में उसका नेटवर्क कितना फैला हुआ है और इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गांजा खरीदने, परिवहन करने और आगे खपाने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
पूछताछ से खुल सकते और राज….
ओडिशा से सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इसे गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोडकऱ जांच कर रही है। दो दिन की रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ से यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी कितने समय से इस अवैध कारोबार से जुड़ा था और उसके संपर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैले हुए हैं। फिलहाल चांगोटोला पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क की कडिय़ों को जोडऩे में जुटी है।
