Spread the love

हमनाम डॉक्टर के नाम का दुरुपयोग किया
फरीदाबाद। फरीदाबाद के बीके सरकारी अस्पताल में एक फर्जी कार्डियोलॉजिस्ट ने 70-80 लोगों की हार्ट सर्जरी कर दी। आरोप है कि डॉ. पंकज मोहन ने अपने हमनाम डॉक्टर के नाम का दुरुपयोग कर नौकरी पा ली थी। डॉक्टर पर धोखाधड़ी और फर्जी बिलिंग के भी आरोप हैं।
दरअसल, सिविल अस्पताल के हार्ट सेंटर में फर्जी कार्डियोलॉजिस्ट ने करीब 70-80 लोगों की हार्ट सर्जरी कर डाली है। मामले का खुलासा होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टर को हटाया है। इस डॉक्टर की पहचान डॉ. पंकज मोहन के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने हमनाम डॉक्टर के नाम का दुरुपयोग कर कार्डियोलॉजिस्ट की नौकरी पाई और सर्जरी करके लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया। हैरानी की बात यह है कि ना इसकी भनक फरीदाबाद सिविल सर्जन और बादशाह खान सिविल अस्पताल की पीएमओ को लगी।
इस सेंटर में पिछले साल जुलाई में डॉ.पंकज मोहन की नियुक्ति हुई थी। हालांकि उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद इसी साल फरवरी में उन्हें हटाया गया था।
इस मामले में शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें हार्ट सेंटर में पंकज मोहन नाम के डॉक्टर के फर्जी होने की सूचना मिली थी। आरोपी डॉक्टर ने असली डॉक्टर पंकज मोहन के नाम का फायदा उठाकर मेडिसिन हार्ट सेंटर में न केवल नौकरी पाई, बल्कि 70 से 80 ऑपरेशन कर डाले, जिसमें से कई मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
मामले में सिविल अस्पताल की पीएमओ ने बताया कि उन्हें पुलिस चौकी से जानकारी मिली थी। पुलिस ने उनसे डॉक्टर पंकज मोहन के कागज मुहैया कराने की मांग की थी। उनकी ओर से पुलिस को कागज मुहैया करा दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *