चालक आरक्षक निलंबित, सीएसपी से तीन थानों का प्रभार वापस

भोपाल। कटनी । कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन पर एक ट्रांसपोर्टर से कथित अवैध वसूली का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीएसपी के चालक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य को सौंपी गई है। इसी बीच एक हत्या के मामले में चालान पेश करने में देरी और अन्य आरोपों को लेकर भी विभागीय जांच तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने 22 जुलाई को एसपी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी रोककर सीएसपी ने 30 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता का कहना है कि मौके पर 25 हजार रुपये नकद ले लिए गए और शेष 5 हजार रुपये अगले दिन चालक के माध्यम से देने को कहा गया। महेंद्र जैन ने अपने आवेदन के साथ कुछ साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच कराई। इसके बाद सीएसपी नेहा पच्चीसिया के चालक आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही नया कार्य विभाजन आदेश जारी कर नेहा पच्चीसिया से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थानों का प्रभार वापस ले लिया गया। इन तीनों थानों की जिम्मेदारी डीएसपी शिवा पाठक को सौंपी गई है। मामले की जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चालक को निलंबित किया गया है तथा कार्य विभाजन में बदलाव किया गया है।
हत्या के मामले की जांच भी तेज
इसी बीच नेहा पच्चीसिया एक अन्य मामले में भी जांच के दायरे में हैं। हत्या के एक प्रकरण में निर्धारित समय सीमा के भीतर चालान प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिलने का मामला भी विभागीय जांच का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इस मामले में आरोपी ने अदालत में परिवाद दायर कर आरोप लगाया है कि केस में लाभ दिलाने के बदले उसकी जमीन कम कीमत पर बिकवाई गई। इस मामले की भी विभागीय स्तर पर जांच चल रही है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। ट्रांसपोर्टर से कथित वसूली और हत्या प्रकरण से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं, इसका निर्णय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। कटनी पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
