
दमोह: राज्य शासन द्वारा बाढ़ राहत एवं बचाव संबंधी राज्य स्तरीय समिति की बैठक में दिये गये निर्देशों के तहत जिले में बाढ़ राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुये जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को विभागीय उत्तरदायित्वों के अनुसार कार्य करने हेतु निर्देशित करते हुये कहा है कि समस्त संबंधित अधिकारी अपने विभागीय उत्तरदायित्वों का पालन करते हुये 05 दिवस के भीतर अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाये । जारी आदेश में कहा गया है गृह विभाग के उत्तरदायी अधिकारी पुलिस अधीक्षक, समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, जिला सैनानी होमगार्ड, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सेना से समन्वय, बाढ़ बचाव उपकरणों की तैयारी, प्रशिक्षित तैराकों की सूची, नियंत्रण कक्ष से समन्वय, रेस्क्यू उपकरणों की उपलब्धता, जलभराव क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण एवं रूट डायवर्जन की योजना तैयार करें, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करें, भीड़ नियंत्रण व राहत वितरण स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखें, आपात स्थिति हेतु विशेष पेट्रोलिंग दल सक्रिय करें तथा रेस्क्यू उपकरणों (नाव, लाइफ जैकेट,रस्सी आदि) के साथ स्टैंडबाय स्थिति में रहना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा आवश्यक प्रशिक्षण के साथ टीमों की तैनाती की जाये एवं फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहॅुचाना सुनिश्चित किया जायेगा।
जारी आदेशानुसार राजस्व विभाग के उत्तरदायी अधिकारी समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, समस्त तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख, जिले के समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद सभी तहसीलों में चेकलिस्ट अनुसार तैयारियाँ, क्षति का त्वरित आंकलन एवं राहत वितरण सुनिश्चित करना, बाढ़ संवेदनशील क्षेत्रों की अद्यतन सूची तैयार करना, तहसील व ग्राम स्तर पर आपदा उत्तरदायी दल (Disaster Response Team) का गठन, राहत शिविरों की पहचान व आवश्यक व्यवस्थाएँ करना सुनिश्चित करेंगे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के कार्य अस्थायी राहत शिविर हेतु भवन चयन, जर्जर भवनों का चिंहाकन, निचले क्षेत्रों से आबादी का स्थानांतरण, खुले बोरवेल/ कुओं की सुरक्षा आदि कार्य करेंगे। कार्यपालन यंत्री लोक निमार्ण विभाग पुलों पर बैरियर लगाना (बाढ़ की स्थिति में), जर्जर भवनों की मरम्मत, चेतावनी बोर्ड लगाना। जिला परिवहन अधिकारी बसों की फिटनेस जांच,ओवरलोडिंग पर रोक,बाढ में सुरक्षित यातायात की व्यवस्था, राहत सामग्री, मेडिकल टीम, रेस्क्यू टीम हेतु परिवहन संसाधनों की उपलब्धता, बाढ़ प्रभावित सड़कों की सूचना नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराना, ट्रैक्टर/जीप/नाव जैसी वैकल्पिक परिवहन सुविधाओं की सूची तैयार करेंगे।
नगरीय विकास विभाग शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारियों के साथ नालों की सफाई, निचली बस्तियों को खाली कराने, जर्जर भवनों की मरम्मत आदि कार्य देखेंगे। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग बांधों की मजबूती,जल निकासी की तैयारी, बाढ़ संभावित गाँव चिन्हित करना, बांधों से पानी छोड़ने का समन्वय एवं वर्षा पूर्व बांध के गेट की चेकिंग, कंट्रोल रूम संचालन, बाढ़ चेतावनी प्रचार आदि कार्य करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी के साथ बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मेडिकल कैंप, चिकित्सा, दवाएं, टीकाकरण और महामारी रोकथाम के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था, सर्पदंश के उपचार में प्रयुक्त एंटीवेनम की पर्याप्त व्यवस्था, वर्षा ऋतु में प्रसव संभावित गर्भवती महिलाओं को पूर्व से चिन्हित करेंगे, विशेषकर वे जो बाढ़ प्रभावित, दूरस्थ, पहाड़ी, नदी पार या वन क्षेत्रों में रहती हैं जहाँ वर्षा में आवागमन बाधित होता है का विशेष ध्यान रखेंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री महाप्रबंधक जल निगम के साथ स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, पेयजल शुद्धिकरण, क्लोरीन टैबलेट वितरण, जल स्रोतों की निगरानी, राहत शिविरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था, बाढ़ संभावित क्षेत्रों में टैंकर /हैण्डपम्प आदि की व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित करेंगे,जल स्रोतों का क्लोरीनेशन एवं नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करेंगे। उपसंचालक कृषि खाद-बीज का भंडारण, समय पर वितरण, कीट-व्याधि नियंत्रण,कृषकों को सलाह। उपसंचालक पशुपालन पशुचिकित्सा दलों की तैनाती, चारा एवं दवाइयों का भंडारण, मृत पशुओं का निपटान। जिला आपूर्ति अधिकारी खाद्यान्न एवं राहत सामग्री का भंडारण, वितरण एवं मूल्य नियंत्रण। अधीक्षण यंत्री म.प्र. विद्युत मंडल राहत स्थलों पर विद्युत आपूर्ति, वैकल्पिक व्यवस्था,फील्ड टीम / मोबाईल टीम गठन और पब्लिक को सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
इसी क्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के कार्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, परामर्शदाताओं की मदद से सुरक्षित निष्क्रमण की व्यवस्था। अधीक्षक भू- अभिलेख मानसून की दैनिक जानकारी एवं पूर्वानुमान की सूचना जिला कंट्रोल रूम को नियमित देना सुनिश्चित करेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी भारी वर्षा / बाढ़ की पूर्व चेतावनी स्थानीय भाषा में प्रचारित करना,आमजन को समय-समय पर चेतावनियों, कंट्रोल रूम नंबर, स्वास्थ्य/सुरक्षा संबंधी सूचनाओं की जानकारी देना,इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, मोबाइल अलर्ट्स का प्रयोग, नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचनाओं का त्वरित प्रचार करना सुनिश्चित करेंगे।
