
कलेक्टर के निर्देश पर कोथुरना और लेंडेझरी स्कूल की जांच करने के लिए पहुंचे अधिकारी
स्टॉफ रुम खाली कराकर बच्चों के बैठने की अधिकारियों ने की व्यवस्था
बालाघाट । कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर शुक्रवार को दो अधिकारियों के अलग-अलग दल ने दो विद्यालयों को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय हाईस्कूल कोथुरना में 6 वीं की कक्षा बरामदे में लगना पाया गया। अधिकारियों ने स्टॉफ रुम खाली कराकर बच्चों के बैठने की व्यवस्था की। वहीं इसी विद्यालय में निरीक्षण के दौरान प्राचार्य व शिक्षकों ने मांगे गए अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके कारण प्राचार्य सहित 6 को नोटिस जारी किया गया। इसी तरह दूसरे दल ने सांदीपनि स्कूल लेंडेझरी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा।
जानकारी के अनुसार शासकीय हाईस्कूल कोथुरना में जर्जर भवन एवं टीनशेड के नीचे कक्षाएं लगाने संबंधी जानकारी प्रकाश में आई थी। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर मृणाल मीना ने जिला शिक्षा अधिकारी एके उपाध्याय और सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक जीपी बर्मन को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिये थे। कलेक्टर के निर्देश पर डीईओ, डीपीसी ने 25 जुलाई को हाईस्कूल कोथुरना पहुंचकर मौके पर वहां की व्यवस्थाओं को देखा।
अव्यवस्था में तत्काल किया गया सुधार
डीईओ उपाध्याय ने बताया कि शाला के निरीक्षण में पाया गया कि शाला में समय चक्र के अनुसार सभी कालखंड पढ़ाए जा रहे है। शाला के जीर्ण-शीर्ण हो चुके भवन में पहले से ताला लगा हुआ है और उसमें किसी भी प्रकार की कक्षाएं संचालित नहीं हो रही है। जिन कक्षों में कक्षाएं संचालित हो रही है वे जीर्ण-शीर्ण नहीं है और पुरी तरह से सुरक्षित है। कक्षा 6 वीं बरामदें में लगायी जा रही थी। इस व्यवस्था में तत्काल सुधार किया गया। इसके लिए शाला में शिक्षकों का स्टॉफ रूम को खाली कराकर कक्षा 6 वीं सुरक्षित स्थान में लगाने की व्यवस्था की गई है। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित कमरों में ही बैठ रहे है।
शिक्षकों से तीन दिन में मांगा जवाब
डीईओ उपाध्याय ने हाईस्कूल कोथुरना की कक्षा 9 वीं और 10 वीं की अकादमिक गतिविधियों के निरीक्षण के दौरान पाया कि शिक्षकों द्वारा डेली डायरी, पाठ्यक्रम विभाजन पंजी, मासिक मूल्यांकन अभिलेख प्रस्तुत नही किये गए। इस पर उन्होंने हाईस्कूल के प्राचार्य सहित 6 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। इन शिक्षकों को 3 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है।
सांदीपनि स्कूल लेंडेझरी में देखी व्यवस्थाएं
कलेक्टर ने जिले की शालाओं में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और शालाओं की अन्य गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए निरीक्षण दल गठित किये है। निरीक्षण दलों द्वारा शालाओं का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में सहायक अभियंता हितेश कुमार बोपचे एवं बीएसी मिश्रा के दल ने 25 जुलाई को सांदीपनि स्कूल लेंडेझरी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में सभी शिक्षक समय पर उपस्थित थे। निरीक्षण दल ने साईकिल वितरण, निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, मध्याह्न भोजन, चाईल्ड ट्रेकिंग एप का सूक्ष्मता से परीक्षण किया। इसके साथ ही निरीक्षण दल ने विद्यालय को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान विद्यार्थियों की लगभग 75 प्रतिशत उपस्थिति रही।
