Spread the love

विपक्ष घेरेगा सरकार को, हंगामेदार होगा सत्र
भोपाल। मप्र विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होकर 8 अगस्त 2025 तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को विधानसभा परिसर का निरीक्षण करते हुए सत्र की व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्र का संचालन सुचारू और व्यवस्थित रूप से किया जाए। मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि विधानसभा परिसर मे कोई नया प्रतिबन्ध नहीं लगाया गया जो विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाईं है वो भी कोई नया नहीं है। वहीं, मीडिया के विधानसभा परिसर में अन्य जगह जाने पर जब प्रतिबंध का पूछा गया तो अध्यक्ष ने कोई जबाब नहीं दिया। बता दें कांग्रेस ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन पर रोक के आदेश को लोकतंत्र की आवाज दबाने वाला बताया है।
विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल बिजली संकट, महंगाई, तबादला नीति और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। वहीं सत्ता पक्ष ने भी योजनाओं और उपलब्धियों के साथ जवाब देने की रणनीति तैयार कर ली है। विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने जानकारी दी कि बारह दिवसीय सत्र में सदन की कुल 10 बैठकें होंगी। अब तक विधानसभा सचिवालय को तारांकित 1718 और अतारांकित 1659 प्रश्न यानी कुल 3377 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। जानकारी के अनुसार इस बार दो हजार से अधिक प्रश्न सदस्यों ने ऑनलाइन पूछे हैं। इसके अतिरिक्त 226 ध्यानाकर्षण, एक स्थगन प्रस्ताव, 23 अशासकीय संकल्प, 65 शून्यकाल की सूचनाएं तथा एक नियम 139 की सूचना भी प्राप्त हुई है। सरकार की ओर से तीन विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *