
अर्थिंग के करंट की चपेट में आए थे दोनों, पुलिस कर रही जांच
छिंदवाड़ा। कोयलांचल के परासिया थाना अंतर्गत गायगोहन निवासी बुआ और भतीजे की करंट के चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। वहीं इस हादसे में असमय हुई बुआ और भतीजे की मौत के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ मुखर हो गए हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारीे के अनुसार गायगोहन निवासी सुमरोबाई पति फग्गू यदुवंशी (५१) रविवार दोपहर बारिश होने के चलते बाहर बंधे अपने मवेशी को लेने जा रही थी इसी दौरान उसने घर के सामने खंबे की अर्थिंग को पकड़ लिया। अर्थिंग के वायर पकड़ते ही उसे जोर का झटका लगा और वह उससे चिपकर रह गई। बुजुर्ग महिला को करंट से छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इस बीच शोर सुनकर उनका भतीजा पवन पिता नेवालाल यदुवंशी बुआ को बचाने दौड़ा। उसने बुआ को पकडकऱ खीचने की कोशिश की। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। चपेट में आने से दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए। परिजन तत्काल दोनों को लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टमकार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार का इकलौता बारिश था मृतक
बता दें कि मृतक पवन यदुवंशी परिवार का इकलौता वारिस था। वह खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। उसकी तीन साल पूर्व की शादी हुई थी। उसका एक पुत्र 2 साल और एक पुत्री 1 साल की है। वही मृतक की पत्नी भी परिवार में अपने भाइयों की इकलौती बहन थी। इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
ट्रांसफार्मर को लेकर आक्रोशित ग्रामीण
बताया जा रहा है कि मृतक के घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीण आक्रोशित है। उनका मानना है कि इस ट्रांसफार्मर के कारण घटना हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि ट्रांसफार्मर नहीं होता, तो शायद यह घटना घटित नहीं होती। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग ट्रांसफार्मर को गांव से दूर शिफ्ट कराए नहीं तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
