Spread the love

नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो साझा कर चुनाव आयोग पर तीखा कटाक्ष किया। वीडियो में राहुल गांधी कथित तौर पर उन लोगों के साथ चाय पीते दिख रहे हैं, जिन्हें निर्वाचन आयोग की सूची में “मृत” घोषित कर दिया गया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, जीवन में कई दिलचस्प अनुभव हुए, लेकिन ‘मृत लोगों’ के साथ चाय पीने का मौका पहली बार मिला। इस अनोखे अनुभव के लिए धन्यवाद, चुनाव आयोग! कांग्रेस नेता का यह व्यंग्यात्मक हमला विपक्ष के आरोपों को बल देता है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां कर लोगों को वोट देने से रोका जा रहा है।
बिहार में 1 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में कुल 7.24 करोड़ मतदाता शामिल किए गए हैं। जबकि 24 जून, 2025 तक मतदाताओं की संख्या 7.9 करोड़ थी। यानी सूची में करीब 65.6 लाख मतदाता कम हुए हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक इनमें से लगभग 22 लाख मृत मतदाता, 36 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित या अनुपस्थित, 7 लाख डुप्लीकेट और बाकी वे लोग हैं जिन्होंने निर्धारित समय तक फॉर्म जमा नहीं किए।
विपक्ष इस पूरे अभ्यास का विरोध कर रहा है। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले जानबूझकर लाखों मतदाताओं को सूची से बाहर किया जा रहा है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी ने घोषणा की है कि वे 17 अगस्त से बिहार में इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ मिलकर ‘वोट अधिकार यात्रा’ निकालेंगे, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *