Spread the love

वोट का अधिकार खत्म होते ही लोगों से राशन, घर, जमीन सब छिन जाएगा- राहुल गांधी

वोट चोरी से जुड़े खुलासे पर मोदी की चुप्पी पर कहा- चोर जब पकड़ा जाता है तो वह बिल्कुल चुप हो जाता है

प्रियंका गांधी ने कहा- वोट चोरी हुआ तो लोगों की पहचान और नागरिकता खत्म हो जाएगी, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा


मधुबनी। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा वोट की चोरी करती है, इसलिए गृह मंत्री अमित शाह भाजपा की सरकार 40-50 साल तक चलने की बात कहते हैं। उन्होंने कहा कि यह चोरी गुजरात से शुरू हुई और 2014 से देशभर में होने लगी। मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बिहार के मधुबनी में ‘सामाजिक संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, सीपीआई (एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता मौजूद थे। इससे पहले दिनभर यात्रा में भारी भीड़ देखी गई।

इस दौरान राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मौजूद थे। यात्रा में शामिल नेताओं की अगवानी के लिए हजारों लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर उमड़ पड़े। यात्रा के समर्थन में सड़कें बैनर, होर्डिंग्स, कटआउट्स से भरी हुईं थीं। हर तरफ जनसैलाब नजर आ रहा था। अपने चिर-परिचित अंदाज में राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनावों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन भारी बहुमत से जीता था, लेकिन केवल चार महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में लगभग एक करोड़ नए वोटरों के नाम जोड़ दिए गए, जिससे भाजपा चुनाव जीत गई। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची और मतदान की वीडियोग्राफी उपलब्ध कराने से भी मना कर दिया। राहुल गांधी ने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र की महादेवपुरा विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कांग्रेस ने एक लाख फर्जी वोटरों का पता लगाया, जिनकी वजह से भाजपा ने यह सीट जीती। उन्होंने वोट चोरी को लेकर किए गए उनके इस खुलासे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब चोर पकड़ा जाता है तो वह बिल्कुल चुप हो जाता है।

  • चुनाव आयोग में नियुक्ति को लेकर उठाया सवाल
    भारी भीड़ से गदगद वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग में नियुक्ति को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां विपक्ष के नेता की बात नहीं सुनी जाती, अब प्रधानमंत्री ही तय करते हैं कि कौन चुनाव आयुक्त होगा। उन्होंने 2023 में बने नए कानून का भी जिक्र किया, जिसके तहत चुनाव आयुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती।
  • भाजपा-आरएसएस पर संविधान को कमजोर करने का आरोप
    राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और गरीबों के अधिकारों को दबाना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान में हर नागरिक को एक वोट का अधिकार मिला है। अगर वोट का अधिकार खत्म हो गया तो संविधान में कोई शक्ति नहीं बचेगी। उन्होंने आगे कहा कि वोट का अधिकार खत्म होने के बाद राशन, घर, जमीन सब चला जाएगा।
  • पूरे देश में गूंज रहा है वोट चोर का नारा
    उन्होंने वोटर अधिकार यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार ने क्रांति की शुरुआत कर दी है। बिहार ने वोट चोर का नारा दिया, जो अब पूरे देश में गूंज रहा है।
  • जाति जनगणना कराने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई
    राहुल गांधी ने जाति जनगणना कराने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इसे विकास का आधार बताते हुए कहा कि यह दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अति पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की 90 प्रतिशत आबादी को उनका हक दिलाएगा। उन्होंने तेलंगाना मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस सरकार ने विकास का एक नया खाका तैयार किया है।
  • प्रियंका गांधी का बिहार की जनता से आह्वान- वोट चोरी रोकिए, पहचान मिट गई तो सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा
    वहीं मंगलवार देर शाम राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल प्रियंका गांधी ने वोट को जनता का सबसे कीमती अधिकार बताते हुए उसकी रक्षा करने का आह्वान किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर वोट चोरी हो गई तो उनकी पहचान खत्म हो जाएगी और नागरिकता का आधार चला जाएगा। इसके बाद उन्हें सरकारी योजनाओं, बीमा और रोजगार जैसी किसी भी चीज का लाभ नहीं मिल पाएगा।
  • वोट भारतीय लोकतंत्र का आधार है
    प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए भैंस चोरी वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमें क्या पता था कि वे खुद वोट चुरा रहे थे। उन्होंने कहा कि वोट भारतीय लोकतंत्र का आधार है और यह नागरिकों का सबसे कीमती अधिकार है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा ने जनता के रोजगार चोरी किए, सरकारी कंपनियों को अपने दोस्तों को दे दिया। भाजपा ने हर स्तर पर जनता के साथ चोरी की है। उन्होंने भीड़ से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगवाया और कहा कि यह नारा भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *