Spread the love

3 करोड़ महिलाओं को लखपति बहना बनाने का लक्ष्य
नरसिंहपुर । प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के मुख्य आतिथ्य में करेली में पुरानी गल्ला मंडी में जिला स्तरीय स्वसहायता समूहों का बैंक लिंकेज कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिथियों ने 847 स्वसहायता समूहों को 30 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया। इस दौरान बैंक लिंकेज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, गोटेगांव विधायक महेन्द्र नागेश, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले,ज़िला पंचायत सीईओ दलीप कुमार,पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष करेली श्रीमती सुशीला ममार व उपाध्यक्ष अनिता नेमा, सीताराम नामदेव, पूर्व नपा अध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, राजेन्द्र ठाकुर, रामसनेही पाठक, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व स्वसहायता समूह की महिलायें और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि आज सौभाग्य का दिन है कि दो महापुरूषों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आव्हान है कि हमारी बहनें लखपति दीदी बनें। सरकार ने मातृशक्ति के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किये हैं। 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बहना बनाने का लक्ष्य रखा गया है।इस पर मंत्री पटेल ने प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया।
मंत्री पटेल ने महाभारत का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भीष्म पितामह के पास जब युधिष्ठिर पहुंचे और उनसे पूछा कि राज्य कैसे चलाया जाये। तब उन्होंने बताया कि समाज का कार्य करना होगा बिना स्वयं के हित की अपेक्षा रखते हुए। तभी तुम धर्मराज युधिष्ठिर रहोगे। मंत्री पटेल ने बताया कि 5 अक्टूबर को रानी दुर्गावती की 501 वीं जन्म जयंती मनाई जा रही है। उनके शौर्य एवं बलिदान को स्मरण करने के लिए कैबिनेट बैठक का आयोजन दमोह ज़िले में किया जा रहा है।वीरांगना रानी दुर्गावती ने अपनी 23 साल की उम्र में सत्ता की बागडोर संभाली और 29 साल में प्राणों को त्याग दिया। जब यह सामर्थ्य ऐसी विषम परिस्थितियों में 500 बरस पहले था, तो आज की महिलाओं में क्यों नहीं हो। लोकमाता अहिल्याबाई की 300 जन्म जयंती है। राजमाता अहिल्याबाई समता व न्याय की प्रतिमूर्ति थी। उन्होंने राज्य की बागडोर संभाली और लोककल्याणकारी राज्य की मिसाल पेश की। इन महान नायिकाओं ने बताया कि हमें मातृशक्ति के सामर्थ्य पर कभी संदेह नहीं करना चाहिये। मंत्री पटेल ने कहा कि महिलायें समूह से जुड़कर अपने हित में कार्य करें। आपके पास हुनर है। समूहों को पैसा व तकनीक देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया।मंत्री पटेल ने कहा कि स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की ब्रांडिंग व्यापक स्तर पर हो। ब्रांडिंग से आपके उत्पादों को पहचान मिलेगी। बैंकों से लोन लेकर उन्हें चुकाने का काम स्वसहायता समूह बखूबी कर रही हैं। भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में स्वसहायता समूह की महिलायें हैं। प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत तीसरी अर्थव्यवस्था मातृशक्ति की बदौलत ही बनेगा। देश को मजबूत करने का काम स्वसहायता समूह की महिलाओं ने मिलकर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *