
बेंगलुरु। पूर्व जेडीएस सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता प्रज्वल रेवन्ना जेल की लाइब्रेरी में काम करेगा। परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल प्रशासन ने उसकी लाइब्रेरी में ड्यूटी लगाई है। इस काम के बदले उसे रोज 522 रुपए मिलेंगे। जेल प्रशासन का कहना है कि पूरा काम सही से करने पर ही रेवन्ना को पैसे दिए जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, रेवन्ना का काम जेल की लाइब्रेरी में कैदियों को किताबें जारी करना और उनका रिकॉर्ड संभालना होगा। जेल नियमों के अनुसार, उम्रकैद भुगत रहे कैदियों को काम करना अनिवार्य है। हर कैदी को उसकी योग्यता और इच्छा के आधार पर काम दिया जाता है। दरअसल, बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने 2 अगस्त को रेवन्ना को नौकरानी से रेप केस में उम्र कैद की सजा सुनाई थी।
