Spread the love

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की 23 महीने बाद जेल से रिहाई पर खुशी जाहिर की। उन्होंने प्रदेश में सपा सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को खत्म करने की बात कही। अखिलेश ने कहा कि आजम खान को झूठे केस में फंसाया गया था। उन्होंने कहा, आजम सपा के साथ हैं, और भाजपा के खिलाफ लड़ाई में उनकी भूमिका अहम रहने वाली है। हमें उम्मीद है कि आगे भाजपा उनपर कोई झूठा केस नहीं दर्ज करेगी और अन्याय नहीं करेगी।
अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, जिस तरह से मुख्यमंत्री ने खुद पर और डिप्टी सीएम के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए हैं, ठीक उसी तरह सपा सरकार बनने पर आजम के खिलाफ सभी फर्जी केस को वापस लेने का काम होगा। आजम को झूठे केस में फंसाया गया था। मंगलवार को उनकी रिहाई हुई है, यह हम सभी के लिए खुशी का दिन है। इससे पहले 23 महीने के बाद आजम खान सीतापुर जेल से रिहा हो गए। इस दौरान जिला प्रशासन ने जेल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
आजम की रिहाई मंगलवार सुबह होनी थी, लेकिन बेल बॉन्ड में उनके पते में गलती होने के कारण रिहाई की प्रक्रिया रुक गई। इसके बाद मंगलवार दोपहर को आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई और वह कड़ी सुरक्षा के बीच गाड़ी में सवार होकर जेल परिसर से बाहर निकले। आजम खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *