
ड्राइवर मर्डर केस में छतरपुर एसपी को नोटिस, सुप्रीम कोर्ट ने पूछा
भोपाल। 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान छतरपुर जिले की राजनगर सीट से कांग्रेस के तत्कालीन विधायक कुंवर विक्रम सिंह के ड्राइवर की गाड़ी चढ़ाकर हत्या करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने छतरपुर एसपी और वर्तमान भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट में मृतक ड्राइवर राजिया अली की पत्नी की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने आरोपी विधायक अरविंद पटेरिया की गिरफ्तारी न होने पर छतरपुर एसपी से जवाब मांगा है।
मृतक ड्राइवर राजिया अली की पत्नी की ओर से वकील वरुण ठाकुर ने बताया कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान राजनगर सीट से उम्मीदवार अरविंद पटेरिया द्वारा उनके पति की हत्या की गई थी। इस पर एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। दुखी होकर मृतक की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। मामले पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने सीबीआई डायरेक्टर, डीजीपी, मुख्य सचिव और संबंधित जिले के एसपी को स्टेटस रिपोर्ट के साथ बुलाया है। इसके अलावा आरोपी अरविंद पटेरिया, जिन्हें मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सुरक्षा प्रदान की गई है, को भी कोर्ट ने नोटिस जारी किया। दो हफ्ते बाद इस मामले में अगली सुनवाई होगी।
कांग्रेस और बीजेपी नेताओं पर एफआईआर
17 नवंबर 2023 को छतरपुर जिले की राजनगर सीट से कांग्रेस के तत्कालीन विधायक कुंवर विक्रम सिंह के ड्रायवर सलमान खान की सुबह लगभग तीन बजे एक विवाद में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कांग्रेस नेता विक्रम सिंह नातीराजा की शिकायत पर पुलिस ने बीजेपी विधायक अरविंद पटेरिया समेत 18 लोगों के खिलाफ धारा 302, 307 सहित कुल 6 धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। नातीराजा की ओर से दर्ज एफआईआर में कहा गया कि अरविंद पटेरिया और उनके काफिले में शामिल वाहन उस समय सलमान खान की गाड़ी को कुचलकर हत्या कर गए थे। हालांकि, घटना के दो दिन बाद बीजेपी नेता नीरज चतुर्वेदी की शिकायत पर 19 नवंबर को पुलिस ने पूर्व विधायक विक्रम सिंह नातीराजा समेत 12 लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। नीरज चतुर्वेदी की ओर से दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया कि विक्रम सिंह और उनके साथी योगेंद्र सिंह ने अरविंद पटेरिया को जान से मारने की कोशिश की और फायरिंग की। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल पर फायरिंग का कोई सबूत नहीं पाया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल बताई गई गाड़ी जब्त कर मैकेनिकल और एफएसएल परीक्षण कर लिया है। अब इसे बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा गया है।
