
कांग्रेस महासचिव ने पटना में महिला संवाद कार्यक्रम को किया संबोधित
पटना। कांग्रेस की स्टार प्रचारक एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आई। इस दौरान पटना के सदाकत आश्रम में उन्होंने महिलाओं से संवाद किया और फिर मोतिहारी के गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित की। दौरे का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से सीधे जुड़ाव और कांग्रेस की महिला-केंद्रित योजनाओं को साझा करना था। पटना में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने जदयू-भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि बिहार में महिलाओं को न तो सम्मान मिल रहा है, न सुरक्षा और न ही उनके अथक परिश्रम का उचित पारिश्रमिक। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले दस हजार रुपये देने की घोषणा सिर्फ वोट हासिल करने की कोशिश है, न कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति कोई सम्मान। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा शुक्रवार को पटना के सदाकत आश्रम में आशा, आंगनवाड़ी, जीविका और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही थीं।
महिला संवाद कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं की समस्याओं को सुनने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि 20 सालों से सत्ता में शासन कर रही जदयू-भाजपा सरकार ने महिलाओं को सम्मान नहीं दिया है।
अपने जोरदार भाषण में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि चुनाव आ रहा है, इसलिए जदयू-भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं को अचानक दस हजार रुपये दिए जा रहे हैं, लेकिन यह हर महीने वाला मानदेय नहीं है। उन्होंने पूछा कि 20 साल से सत्तारूढ़ जदयू-भाजपा सरकार ने अब तक महिलाओं को ये पैसे क्यों नहीं दिए। उन्होंने आगाह किया कि यह घोषणा सिर्फ वोट हासिल करने के लिए है। यही इस सरकार का मकसद और नीयत है।
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रियंका गांधी ने जोर देकर कहा कि जदयू-भाजपा सरकार चुनावों से ऐन पहले महिलाओं को पैसे देकर उनके वोट खरीदने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान तब होगा जब उन्हें हर महीने सही मानदेय मिलेगा, जब उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार मदद करेगी, जब उनकी बेटियां पढ़ने जाएंगी और खुद को सुरक्षित समझेंगी। उन्होंने कहा कि जदयू और भाजपा सरकार महिलाओं को कभी ऐसा सम्मान नहीं देगी। बिहार में जब महिलाएं अपने हक के लिए आवाज उठाती हैं तो उन्हें पीटा जाता है और जेल में बंद कर दिया जाता है। प्रदेश में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और असुरक्षा के माहौल पर चिंता जाहिर की। उन्होंने एक छात्रा के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उसे कॉलेज जाते समय डर लगता है, क्योंकि सरकार ने सुरक्षा के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ बलात्कार और अपराध के मामले बढ़े हैं, लेकिन एफआईआर तक दर्ज नहीं होने दी जाती। प्रियंका गांधी ने महिलाओं से जदयू-भाजपा सरकार को हराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंडिया महागठबंधन की सरकार बनने पर जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे। बिहार में 25 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। भूमिहीन परिवारों को दी जाने वाली तीन से पांच डिसमिल जमीन का मालिकाना हक महिलाओं को दिया जाएगा।
