Spread the love

दमोह : दीपावली पर्व के दौरान पटाखों से जलने की घटनाओं की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी शासकीय अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल में आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने की दृष्टि से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, समस्त शासकीय चिकित्सकों को निर्देश जारी किए गये हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री कोचर ने कहा डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, प्रत्येक शासकीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल पर डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की समुचित ड्यूटी लगाई जाए, जो दीपावली पर्व के दौरान निर्धारित समय तक कार्यरत रहेंगे। सभी शासकीय अस्पतालों में रात्रि के समय डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे ।

            उन्होंने कहा सभी संबंधित डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी आदेश तैयार कर इस कार्यालय को शीघ्रातिशीघ्र भेजना सुनिश्चित किया जाये। यह भी सुनिश्चित किया जाये कि तैनात स्टाफ के पास आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो। अस्पतालों में जलने के उपचार हेतु आवश्यक औषधियों एवं चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। इसके साथ ही आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं को सुसज्जित करने हेतु विशेष निर्देश दिए जाएं ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध हो सके।

            कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री कोचर ने निर्देशित किया यह सुनिश्चित किया जाए कि त्योहार के दौरान इलाज के लिए आए किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए जायें। उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये एवं सभी आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण कर, कार्यालय कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दमोह को अवगत करायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *