Spread the love

बटियागढ़ के शासकीय सांदीपनि विद्यालय में ‘परीक्षा पर चर्चा’, राज्यमंत्री श्री पटेल ने बढ़ाया विद्यार्थियों का आत्मविश्वास

दमोह: शासकीय सांदीपनि विद्यालय बटियागढ़ में मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने आज ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की समस्याओं को सुना और उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों के विस्तार से उत्तर दिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए राज्यमंत्री श्री पटेल ने परीक्षा की प्रभावी तैयारी, समय प्रबंधन, विषयवार अध्ययन, नियमित अभ्यास एवं आत्मविश्वास बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर पढ़ाई करने, शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएँ रखीं, जिनका मंत्री जी ने सरल एवं प्रेरक शब्दों में समाधान किया। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘परीक्षा पर चर्चा’ का आयोजन किया जा रहा है, जो एक अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम के समय कई बार विद्यार्थी तनाव में आकर गलत निर्णय ले लेते हैं, ऐसे में यह कार्यक्रम बच्चों को समझाइश देने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान होगा तो उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और यह परीक्षा देने के साथ-साथ परिणाम के समय भी उनके लिए सहायक सिद्ध होगा।मोबाइल और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर छात्रा द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि आज मोबाइल और सोशल मीडिया एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे बच्चों को चुप कराने के लिए मोबाइल थमा दिया जाता है, जो आगे चलकर आदत बन जाती है। सोशल मीडिया उपयोगी है, लेकिन उसका सही और सीमित उपयोग जरूरी है। अधिक समय तक मोबाइल और सोशल मीडिया पर रहने से ध्यान भटकता है, इसलिए विद्यार्थियों को इससे यथासंभव दूरी बनाकर रखनी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राज्यमंत्री श्री पटेल के अनुभवों व मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *