सीजेपी प्रोटेस्ट से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉमरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रोटेस्ट से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को जब सीजेपी प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के एक्शन का जिक्र हुआ। इस मामले की तुरंत सुनवाई की मांग की गई। इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने साफ कहा कि उनके पास अभी वक्त नहीं है। दरअसल, एक वकील ने जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले का जिक्र किया था।
सुप्रीम कोर्ट में एक वकील ने सीजेआई की बेंच के आगे सीजेपी प्रदर्शन से जुड़े मामले की सुनवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मेरे पास सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान दिल्ली पुलिस की बर्बरता से जुड़े वीडियो भी हैं…प्लीज देखिए कि क्या इस मामले को कल लिस्ट किया जा सके। वहां अब भी छात्र मौजूद हैं। इस पर सीजेआई सूर्यकांत न केवल याचिका सुनने से इनकार कर दिया, बल्कि कहा, ‘नहीं-नहीं, हमारे पास कल समय नहीं है। हम वीडियो नहीं देखना चाहते। हम समय बर्बाद नहीं करना चाहते।
अर्जेंट सुनवाई की रिक्वेस्ट को मानने से इनकार करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि हमारा और अपना समय बर्बाद मत करो। इसके बाद वकील ने दलील दी कि स्टूडेंट्स ज़रूरी मुद्दे उठा रहे थे, जिसमें नीट परीक्षा का सही तरीके से होना और एनटीए में सुधार शामिल हैं। हालांकि, बेंच ने मामले पर अर्जेंट सुनवाई करने से इनकार कर दिया। जब वकील ने प्रोटेस्टर्स के खिलाफ पुलिस एक्शन दिखाने वाले वीडियो का ज़िक्र किया, तो चीफ जस्टिस ने कहा कि हमें वीडियो में कोई दिलचस्पी नहीं है। हमारे पास देखने का टाइम नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का यह इनकार दिल्ली हाईकोर्ट के भी प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस एक्शन से जुड़ी इसी तरह की एक पिटीशन पर अर्जेंट सुनवाई करने से इनकार करने के एक दिन बाद आया है।
बता दें दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोनल जारी है। सीजेपी के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार को नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर संसद मार्च कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। जब प्रदर्शनकारी संसद और पीएम आवास की ओर मार्च करने लगे तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस में झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया। सीजेपी प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर छात्रों के साथ सख्ती और बल प्रयोग के आरोप भी लगे, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया है।
