
इटारसी । इटारसी रेलवे स्टेशन पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतरने के बाद जमकर हंगामा हुआ। ये कार्यकर्ता 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने गोवा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दिल्ली जा रहे थे। इटारसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन पहुंचते ही पुलिस बल ने घेराबंदी कर करीब 15-16 कार्यकर्ताओं को नीचे उतार लिया, जिसमें 11 युवक और 5 युवतियां शामिल थीं। पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर तीव्र विरोध जताया। उन्होंने पुलिस पर जबरन हिरासत में लेने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया।
सीजेपी के आगामी प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने व्यापक स्तर पर ट्रेन रद्द की हैं। परिचालन संबंधी कारणों और संभावित भीड़भाड़ को देखकर 9 अक्टूबर 2026 को शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12155 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन) को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली जाने वाली पटना की चार प्रमुख ट्रेनों मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस भी रद्द की गई हैं। मोदी सरकार इस प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह सतर्क है। रेलवे ने बताया है कि 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को खासकर रद्द किया गया है, क्योंकि इन क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक की आशंका है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की स्थिति की पुष्टि रेलवे की आधिकारिक सेवाओं से अवश्य कर लें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
