
लखनऊ एमपी-एमएलए कोर्ट का 28 साल पुराने मामले में फैसला, सरकारी दफ्तर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का था आरोप
लखनऊ। लखनऊ की एमपी-एमएलए अदालत ने 28 साल पुराने मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद और व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन लोगों को तीन-तीन साल की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 36-36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले में अदालत ने 20 नवंबर को बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार दिया था। इसके बाद तीनों की जमानत निरस्त कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
मामला 12 अगस्त 1998 का है। हजरतगंज थाने में व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों के साथ करीब 250 लोगों को लेकर सरकारी कार्यालय में पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, भीड़ के कुछ लोगों के पास लाठी-डंडे और हथियार थे।
आरोप लगाया गया था कि कार्यालय में घुसने के बाद गाली-गलौज और धमकी दी गई तथा सरकारी काम में बाधा डाली गई। अधिकारियों द्वारा रोकने पर उनके साथ मारपीट करने और सरकारी वाहनों व भवन में तोड़फोड़ करने का भी आरोप था।
पुलिस ने जांच के बाद बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मृत्यु हो गई। वहीं राजेंद्र अग्रवाल को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में अदालत ने दोषमुक्त कर दिया।
अभियोजन पक्ष ने मामले में नौ गवाह और पांच दस्तावेजी साक्ष्य अदालत में पेश किए। अदालत ने 17 नवंबर 2006 को आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया था। मई 2019 में आरोप तय किए गए। लंबी सुनवाई के बाद अब अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
