हाई कोर्ट ने 12.65 लाख के मुआवजे का आदेश किया निरस्त, जांचकर्ता कांस्टेबल की जांच के आदेश

जबलपुर। म.प्र. उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने मोटर दुर्घटना मुआवजे के कथित फर्जीवाड़े में पुलिस विवेचना पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले में भोपाल मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) का 12.65 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश निरस्त कर दिया। इसके साथ ही एकलपीठ ने प्रकरण में जांच अधिकारी रहे सिहोर जिले के नसरुल्लागंज थाने के आरक्षक रामशंकर परते के खिलाफ विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने डीजीपी को सिहोर एसपी के माध्यम से जांच कराकर 30 दिन के भीतर रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
प्रकरण के मुताबिक 30 अप्रैल 2019 को सिहोर की अतरालिया रोड पर एक नहर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बंशी उर्फ बंशीलाल की मौत हो गई थी। इस मामले में भोपाल के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 30 जनवरी 2023 को मृतक के परिजनों को 12.65 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश पारित किया था। बीमा कंपनी ने इस फैसले को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में अपील दायर की थी। इस अपील की सुनवाई के दौरान पुलिस की जांच और दुर्घटना में कथित रूप से शामिल ट्रैक्टर को लेकर गंभीर विसंगतियां सामने आईं।
एकलपीठ ने मामले के पूरे रिकॉर्ड का परीक्षण किया तो पुलिस की विवेचना में कई चौंकाने वाली खामियां सामने आईं। न्यायालय ने पाया कि पुलिस ने 6 जून 2019 को जिस ट्रैक्टर की जब्ती दिखाई थी, उसका नंबर चालान में उल्लेखित ट्रैक्टर से अलग था। यानि दुर्घटना में शामिल बताए गए वाहन और जब्त किए गए वाहन के विवरण में ही अंतर था। इस गंभीर विसंगति ने पूरी जांच की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए। यही नहीं मामले में सबसे गंभीर खुलासा कथित चश्मदीद गवाहों को लेकर हुआ। जांच अधिकारी आरक्षक रामशंकर परते ने अपनी रिपोर्ट में कुछ लोगों को प्रत्यक्षदर्शी बताया था लेकिन अदालत में उन गवाहों ने स्वीकार किया कि पुलिस ने उनके बयान दर्ज ही नहीं किए थे। उन्होंने यह भी नहीं बताया था कि दुर्घटना करने वाले वाहन का नंबर क्या था। गवाह मुकेश कुमार और प्रकाश कुमार ने बहस के दौरान स्पष्ट किया कि वे दुर्घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद ही नहीं थे। उन्होंने न तो हादसा देखा था और न ही उन्हें दुर्घटना में शामिल वाहन का नंबर मालूम था। इससे पुलिस की विवेचना में दर्ज प्रत्यक्षदर्शियों के दावों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मामले में रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद न्यायालय ने पाया कि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने ठोस साक्ष्यों के समुचित परीक्षण के बिना यांत्रिक तरीके से मुआवजा देने का आदेश पारित किया था। एकलपीठ ने इसके बाद मामले में वाहन को झूठा फंसाकर मुआवजा हासिल करने के प्रयास पर गंभीर टिप्पणी की और भोपाल मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) का 12.65 लाख रुपये मुआवजा देने वाला आदेश निरस्त कर मामले की विवेचना करने वाले आरक्षक रामशंकर परते के खिलाफ विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने डीजीपी को निर्देशित किया है कि सिहोर एसपी के माध्यम से आरक्षक की भूमिका की जांच कराई जाए और 30 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट उच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
