
छिंदवाड़ा कलेक्टर के आदेश को उचित ठहराया, संविदा ब्लाक मैनेजर की याचिका खारिज
जबलपुर। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते लोकायुक्त के हाथों रंगे हाथ पकड़े गए संविदा ब्लाक मैनेजर को उसके संविदा नवीनीकरण से इनकार करने के छिंदवाड़ा कलेक्टर के आदेश को उचित ठहराते हुए इस मामले को लेकर दायर याचिका खारिज कर दी।
प्रकरण के मुताबिक छिंदवाडा जिले के मोहखेड़ में पूर्व प्रभारी ब्लाक मैनेजर राजीव कुमार चौधरी को लोकायुक्त पुलिस ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था। इसके बाद कलेक्टर ने 16 मई 2025 को उसका संविदा अनुबंध नवीनीकृत करने से इनकार कर दिया था।
कलेक्टर के इस फैसले को चुनौती देते हुए राजीव कुमार ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर संविदा की धारा-16 के आधार पर राहत मांगी, लेकिन न्यायालय ने पाया कि इस धारा में कदाचार, वित्तीय अनियमितता और आपराधिक गतिविधियों पर अनुबंध समाप्त करने का अधिकार नियुक्ति प्राधिकारी को दिया गया है। इस आधार पर एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि रिश्वत लेना अधिकारी के कर्तव्यों का हिस्सा नहीं, बल्कि गंभीर कदाचार है। इस मत के साथ न्यायालय ने छिंदवाडा कलेक्टर के आदेश में हस्तक्षेप योग्य त्रुटि नहीं पाई और याचिका खारिज कर दी। अपने फैसले में एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि संविदा कर्मचारी भी भ्रष्टाचार के मामले में जवाबदेही से बच नहीं सकते।
