
कोर्ट ने किरायेदार की द्वितीय अपील खारिज की
जबलपुर। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश प्रणय वर्मा की एकलपीठ ने एक मामले में सुनवाई के बाद स्पष्ट किया है कि मध्यप्रदेश आवास नियंत्रण अधिनियम के तहत किरायेदार की बेदखली के लिए प्रत्येक मामले में किरायेदारी समाप्त करने का नोटिस देना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, किराया बकाया होने के आधार पर बेदखली की मांग किए जाने पर दो माह का नोटिस देना आवश्यक है। एकलपीठ ने यह कानूनी स्थिति स्पष्ट करते हुए किरायेदार बाबूलाल सेन की ओर से न्यायालय में दायर द्वितीय अपील खारिज कर दी। साथ ही अधीनस्थ दोनों अदालतों के बेदखली संबंधी आदेश बरकरार रखे हैं।
प्रकरण के मुताबिक सागर जिले के बीना निवासी बाबूलाल सेन संबंधित दुकान में किरायेदार थे। मकान मालिकों ने दुकान 200 रुपये मासिक किराये पर दिए जाने का दावा किया था। बाबूलाल का कहना था कि उसने पूर्व मालिक देशराज से संपत्ति खरीदी है और दुकान की आवश्यकता मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स व कम्प्यूटर संबंधी कारोबार शुरू करने के लिए है। किरायेदार ने किराया 100 रुपये प्रतिमाह बताते हुए बकाया किराये और दुकान की वास्तविक आवश्यकता संबंधी दावों का विरोध किया था। इस मामले में सिविल जज क्लास-दो, बीना ने 29 फरवरी 2012 को मकान मालिकों के पक्ष में बेदखली की डिक्री पारित की थी। इसके बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश, बीना ने 23 नवंबर 2017 को इसे बरकरार रखा। इसके विरुद्ध दायर द्वितीय अपील में किरायेदार ने वैध नोटिस नहीं दिए जाने और विक्रय पत्र में दुकान के बजाय खुला भूखंड दर्ज होने का आधार उठाया। मामले में सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने पाया कि किरायेदार ने अपने लिखित जवाब में मकान मालिकों के स्वामित्व और स्वयं के किरायेदार होने की बात स्वीकार की थी। इसलिए बाद में संपत्ति की खरीद और दुकान के अस्तित्व पर सवाल उठाना स्वीकार्य नहीं है। इसी आधार पर एकलपीठ ने दोनों प्रमुख विधिक प्रश्नों का उत्तर किरायेदार के विरुद्ध देते हुए दायर अपील निरस्त कर दी।
