पार्षदों की सदस्यता खत्म करने के नियम में साफ है कि जो विधायकों के लिए नियम लागू है वो ही नियम इसमें भी लागू होंगे

इन्दौर। उच्च न्यायालय खंडपीठ इन्दौर में जस्टिस सुबोध अभ्यंकर व जस्टिस पवन कुमार द्विवेदी की कोर्ट ने निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट द्वारा दल बदल कानून के तहत कांग्रेस पार्टी के जीते हुए तीन पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दायर एक अपील याचिका पर सुनवाई करते कोर्ट ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तीन पार्षदों ममता सुनेरे, शिवम यादव और विनिता मौर्य को नोटिस जारी कर पूछा है कि उनकी पार्षदी समाप्त क्यों नहीं की जाए? पार्षदों को 16 दिसंबर से पहले अपना जवाब देना है। एडवोकेट जयेश गुरनानी के अनुसार इंदौर नगर निगम के 2022 में सम्पन्न चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर जीतने वाले पार्षद ममता सुनेरे, शिवम यादव और विनिता मौर्य चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे इनके विरुद्ध दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए, उनका पद रिक्त घोषित कर उक्त वार्डों में उप चुनाव कराए जाने की मांग करते हुए नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने सरकार को आवेदन दिया था, लेकिन सरकार ने यह कहते हुए कार्रवाई करने से मना कर दिया कि दल-बदल कानून केवल सांसद और विधायकों पर लागू होता है। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। जिस पर सुनवाई दौरान कोर्ट ने पूछा था कि वे क्या चाहते हैं, जिस पर उन्होंने कोर्ट को बताया कि निगम के चुनावों में भी पार्टी निशान पर चुनाव लड़े जाते हैं, उसकी प्रक्रिया में भी राजनीतिक दल के अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर नियमों का पालन किया जाता है। इन तीनों पार्षदों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडा और जीता। जनता ने कांग्रेस के चुनाव चिह्न का बटन दबाकर उन्हें जिताया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्होंने दूसरे दल की सदस्यता ले ली है। ऐसे में इनके चुनाव निरस्त किया जाए। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को यह भी बताया गया कि नगर निगम एक्ट में भी पार्षदों की सदस्यता खत्म करने के नियम में साफ है कि जो विधायकों के लिए नियम लागू है वो ही नियम इसमें भी लागू होंगे। इसके साक्ष्य बतौर कोर्ट के समक्ष संविधान में मौजूद अनुच्छेद भी रखे गए। जिसके बाद कोर्ट ने तीनों पार्षदों को नोटिस जारी कर जवाब मांग याचिका पर सुनवाई की अगली तारीख 16 दिसंबर नियत की।
