Spread the love

प्रशासनिक परिपत्र से भर्ती नियमों की वैधानिकता समाप्त नहीं की जा सकती , सरकार की अपील मंजूर

जबलपुर। म.प्र. उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक रूसिया व न्यायाधीश प्रदीप मित्तल की संयुक्तपीठ ने एक मामले में जारी अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक परिपत्र के माध्यम से वैधानिक भर्ती नियमों में निर्धारित अनिवार्य योग्यता को समाप्त नहीं किया जा सकता। लेखापाल के पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय लेखा प्रशिक्षण परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इस मत के साथ संयुक्तपीठ ने राज्य सरकार की अपील स्वीकार करते हुए एकलपीठ के पूर्व आदेश को निरस्त कर दिया।
प्रकरण के मुताबिक वन विभाग के कर्मचारी रमेश बोरीकर, पन्ना की नियुक्ति 26 मई 1972 को वनरक्षक के पद पर हुई थी। बाद में 22 दिसंबर 1975 को उन्हें लोअर कैटेगरी क्लर्क और फिर सहायक ग्रेड-टू के पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद उन्होंने अपने कनिष्ठ कर्मचारी राधेश्याम वर्मा को लेखापाल पद पर पदोन्नति मिलने का हवाला देते हुए स्वयं को भी उसी तिथि से पदोन्नति देने की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने राज्य प्रशासनिक अधिकरण में आवेदन प्रस्तुत किया था। अधिकरण बंद होने के बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा।
उच्च न्यायालय ने 26 सितंबर 2008 को रमेश बोरीकर के मामले में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की समीक्षा बैठक कर विचार करने के निर्देश दिए थे। समीक्षा के दौरान डीपीसी ने लेखा प्रशिक्षण परीक्षा उत्तीर्ण नहीं होने के कारण बोरीकर को पदोन्नति के लिए अपात्र पाया। इसके बाद कर्मचारी ने वर्ष 2012 में दोबारा याचिका के माध्यम से उच्च न्यायालय की शरण ली। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि राज्य सरकार के 10 जून 1996 के परिपत्र के तहत 40 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मचारियों को परीक्षा से छूट प्रदान की गई थी। एकलपीठ ने इस आधार पर कनिष्ठ कर्मचारी की पदोन्नति तिथि से उन्हें भी पदोन्नति सहित अन्य लाभ देने के निर्देश दिए थे। वहीं राज्य सरकार की ओर से उच्च न्यायालय में दायर अपील में तर्क दिया गया कि वन सेवा भर्ती नियम, 1978 के नियम 14(बी) के तहत विभागीय लेखा प्रशिक्षण परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। संयुक्तपीठ ने इस तर्क से सहमति जताते हुए कहा कि वैधानिक भर्ती नियमों में निर्धारित अनिवार्य योग्यता को प्रशासनिक परिपत्र से निष्प्रभावी नहीं किया जा सकता। साथ ही राधेश्याम वर्मा ने विभागीय लेखा परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जबकि रमेश बोरीकर ऐसा नहीं कर पाए थे। ऐसे में दोनों की परिस्थितियां समान नहीं थीं और कनिष्ठ कर्मचारी की पदोन्नति के आधार पर समान लाभ का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर संयुक्तपीठ ने एकलपीठ का पूर्व में जारी आदेश निरस्त कर राज्य सरकार की अपील मंजूर कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *