Spread the love

बिना नोटिस सेंटर्स पर ताले लगाकर भागे, एडवांस में वसूल चुके थे फीस
नई दिल्ली/भोपाल। मप्र, दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 5 राज्यों में कोचिंग इंस्टीट्यूट फिटजी ने अपने एग्जाम सेंटर अचानक बंद कर दिए हैं। कोचिंग सेंटर में पढऩे वाले सैकड़ों स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फिटजी, जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम यानी आईआईटी-जेईई एग्जाम की तैयारी कराने वाला एक जाना माना इंस्टीट्यूट है। जिन शहरों में ये सेंटर बंद हुए हैं, वहां पेरेंट्स के पहुंचने से पहले ही संचालक ताला लगाकर भाग चुके थे। कई पेरेंट्स का कहना है कि वो लाखों की एडवांस फीस जमा कर चुके हैं। बावजूद इसके, बिना किसी अर्ली नोटिस के कोचिंग संस्थान ताला लटकाकर भाग गए।
फिटजी के इन कोचिंग सेंटर्स में मेरठ में 400 स्टूडेंट्स, नोएडा में 2000 स्टूडेंट्स, भोपाल में 700 स्टूडेंट्स, पटना में 200 स्टूडेंट्स पढ़ रहे थे। 1992 में आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र डीके गोयल ने फिटजी की शुरुआत की थी। यह संस्थान इंजीनियरिंग और विज्ञान की परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए मशहूर था।
लाखों की फीस दे दी, अब अचानक सेंटर बंद
फिटजी के केंद्रों का अचानक बंद होना उन छात्रों और माता-पिता के लिए बड़ा झटका है, जिन्होंने लाखों रुपये फीस के तौर पर जमा किए थे। संध्या सिंह, जिनका बेटा इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए फिटजी के लक्ष्मी नगर केंद्र में कोचिंग ले रहा था, ने बताया कि उनके परिवार ने दो साल के कोर्स के लिए 5.4 लाख रुपये फीस जमा की थी। उन्होंने कहा कि हमने दो साल के कोर्स के लिए 5.4 लाख रुपये की एडवांस फीस जमा की थी क्योंकि उन्होंने हमें कम किस्तों में भुगतान करने पर डिस्काउंट देने का भरोसा दिया था। यह केंद्र एक हफ्ते से बिना किसी सूचना के बंद है। अब सेंटर हेड का फोन बंद है और कोई भी हमारे कॉल का जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि हमने अपने बेटे के शिक्षकों से कॉन्टेक्ट किया, तो पता चला कि कई शिक्षक वेतन न मिलने की वजह से इस्तीफा देकर किसी अन्य कोचिंग संस्थान में शामिल हो गए हैं।
फिटजी के मालिक समेत 12 लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस ने शनिवार को बताया कि दिल्ली-एनसीआर में इसके कई केंद्रों को बंद करने के बाद कोचिंग संस्थान के छात्रों के अभिभावकों की शिकायत पर फिटजी के मालिक और 11 अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। नोएडा पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि फिटजी के संस्थापक डीके गोयल, मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) राजीव बब्बर, मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) मनीष आनंद और ग्रेटर नोएडा शाखा के प्रमुख रमेश बटलेश का नाम एफआईआर में दर्ज किया गया है। नोएडा सेक्टर 62 के केंद्र पर आपराधिक साजिश और विश्वासघात का मामला दर्ज हुआ। वहीं गाजियाबाद, राज नगर के फिटजी केंद्र के खिलाफ एफआईआर में इसे अवैध रूप से संचालित बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *