Spread the love

दाहोद | गुजरात को शर्मसार कर देनेवाली एक घटना सामने आई है| दाहोद जिले के संजेली के एक गांव में महिला पर प्रेमी से मिलने गई होने का आरोप लगाकर पहले उसे अर्धनग्न किया और उसके बाद गांव में घुमाया| घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और 15 जितने लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर 12 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है| जानकारी के मुताबिक दाहोद जिले के संजेली तालुका के ढालसूमल गांव में 35 वर्षीय विवाहित महिला को तालीबानी सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। 15 लोगों के समूह ने विवाहिता महिला को अर्धनग्न हालत में घर से बाहर निकाला और बाइक के पीछे बांधकर उसे दौड़ाया| इतना ही नहीं उसके साथ बुरी तरह से मारपीट भी की| इतने से भी मन नहीं भरा तो घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया| वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है| पुलिस ने इस मामले में महिला की शिकायत के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है| इस बारे में दाहोद के एसपी राजदीपसिंह झाला ने बताया कि दाहोद जिले में एक महिला की पिटाई की घटना की सूचना पुलिस को मिलने के बाद डीएसपी समेत काफिला मौके पर पहुंचा और महिला को बचाया| पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है| पुलिस ने दरिंदगी करने वाले 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है| फिलहाल गांव में पुलिस का काफिला तैनात कर दिया गया है| घटना को लेकर राज्य सरकार के प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेष पटेल ने कहा कि दाहोद की घटना समाज के लिए दुखद और शर्मनाक है| गृह विभाग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए शिकायत दर्ज करायी है| ऐसी घटना पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *