
भागने से पहले चौकीदार का मोबाइल भी छुड़ाया
जबलपुर। रांझी थाना अतंर्गत गोकलपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार की देर रात 1.30 बजे चौकीदार के सिर पर ताले से हमला कर 8 नाबालिग फरार हो गए| बताया गया है कि इन नाबालिगों ने पहले चौकीदार से चाबी छीनने की कोशिश की फिर उसके सिर पर लोहे का ताला मारकर घायल कर दिया| इसके बाद सभी छत से कूदकर फरार हो गए। फरार नाबालिगों ने शोभापुर क्षेत्र से एक बाइक भी चोरी की है। नाबालिगों ने भागते हुए चौकीदार का मोबाइल फोन भी छीन लिया था ताकि वह फोन न कर सके| घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी रांझी पुलिस को मिले हैं। पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश शुरु कर दी है| बताया गया है कि एक नाबालिग को भगाने में उसके पिता ने भी मदद की| जो पहले से वहां कार लेकर खड़े थे| ऐसा माना जा रहा है कि नाबालिग इसी कार में बैठकर फरार हुए| घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे गए थे|
रांझी पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोकलपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के चौकीदार राजेन्द्र कुमार पटेल ने पूछताछ में बताया कि रात 8 बजे के लगभग सभी बच्चों ने भोजन किया. इसके बाद सभी अपने अपने कमरे में सोने के लिए चले गए. देर रात राजेन्द्र कुमार गेट पर बैठा ड्यूटी कर रहा था, इस दौरान 8 नाबालिग पहुंचे और गेट की चाबी मांगी. चौकीदार ने चाबी देने से मना करते हुए सभी को कमरे में जाने के लिए कहा, जिसपर वे भड़क गए और लोहे के ताले से सिर पर हमला कर चाबी छीनने की कोशिश की. चाबी न मिलने पर सभी 8 बालक छत से कूदकर भाग गए. फरार होने वाले नाबालिगों ने पहले एक चौकीदार को कमरे में बंद कर दिया। वहीं दूसरे चौकीदार से मारपीट कर दी। बाल संप्रेषण गृह से फरार सभी नाबालिगों में से 7 जबलपुर और एक मंडला निवासी हैं।
रांझी थाना प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाबालिगों ने भागते हुए चौकीदार का मोबाइल फोन भी छीन लिया था, ताकि वह किसी को फोन न कर सके. पुलिस का कहना है कि बाल संप्रेक्षण गृह से फरार सभी नाबालिग 17 से साढ़े 17 साल के हैं. इनमें से चार नाबालिगों को करीब 15 दिन पहले ही अवैध पिस्तौल लेकर घूमने, मारपीट करने के आरोप में पकड़कर बाल न्यायालय में पेश किया था. जिन्हे बाल संप्रेषण भेजा गया था. बताया जा रहा है कि फरार हुए सभी नाबालिग आदतन अपराधी हैं जो इससे पहले भी कई बार बाल संप्रेषण गृह में आ चुके हैं|
