Spread the love

30 से अधिक प्रचार सामग्री को किया जब्त
बालाघाट। नगर की सुंदरता पर नासूर बन रहे प्रचार सामग्री को शनिवार को नपा अमले ने जब्त कर लिया। हालांकि, अभी भी नगर में बड़ी संख्या में प्रचार सामग्री लगी हुई है। दरअसल, नपा ने यह कार्यवाही शांति समिति की बैठक में मुद्दा उछलने की बाद की है। इसके पूर्व शहर में बड़ी संख्या में जहां-तहां अवैध होर्डिंग्स, फ्लैक्स लगे हुए थे।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा शनिवार को शहर भर से फ्लेक्स और होर्डिंग्स हटाने की कार्यवाही की गई। नपा अमले ने काली पुतली चौक, जय स्तंभ चौक चौक, अम्बेडकर चौक, स्टेडियम के सामने से होर्डिंग्स, फ्लेक्स हटाने की कार्यवाही की है। इधर, अन्य स्थानों पर अभी भी बड़ी संख्या में प्रचार सामग्री लगी हुई है। जिसके कारण न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है। बल्कि शहर की सुंदरता पर ग्रहण भी लग रहा है। उल्लेखनीय है कि 13 फरवरी को कलेक्टर सभागृह में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में मुख्य स्थानों से होर्डिंग व फ्लैक्स से नगर का सौंदर्य खराब होने का मुद्दा उठा था। साथ ही इन प्रचार सामग्रियों को हटाने की मांग भी की गई थी।
नपा सीएमओ बीडी कतरोलिया ने बताया कि जगह-जगह लगे होर्डिंग्स से यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। शनिवार को नगर के काली पुतली, जय स्तंभ चौक, अम्बेडकर चौक, स्टेडियम के सामने सहित अन्य स्थानों से होर्डिंग्स व फ्लैक्स हटाए है। नगर में ऐसे करीब 30 होर्डिंग्स व फ्लैक्स हटाए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *