Spread the love

शरद नेमा

गोटेगांव ! पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा एक सामाजिक कार्यक्रम में दिए गए बयान को लेकर प्रदेश में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां कांग्रेस इस बयान का विरोध कर रही है, वहीं मंत्री के समर्थक भी खुलकर उनके पक्ष में खड़े हैं। इसी क्रम में लोधी महासभा पठारी के तहसील अध्यक्ष नीतेश लोधी, श्रीराम लोधी और गोलू लोधी ने मंत्री प्रहलाद पटेल के सम्मान में 230 किलोमीटर की पदयात्रा निकालने का संकल्प लिया।

पदयात्रा का उद्देश्य

यह पदयात्रा पठारी (अशोकनगर) से गोटेगांव (नरसिंहपुर) तक आयोजित की गई। विगत दिनों सुठालिया, राजगढ़ में रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद पटेल ने समाज को स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और समर्पण के साथ जीने की प्रेरणा दी थी। लेकिन मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर जनता में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी, जिससे समाज के स्वाभिमान को ठेस पहुंची।

समर्थकों ने जताया विरोध

मंत्री प्रहलाद पटेल के सम्मान में निकाली गई 230 किलोमीटर की पदयात्रा शनिवार को गोटेगांव पहुंचकर संपन्न हुई। यहां पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल और वरिष्ठ समाजसेवी इंजीनियर सरदार सिंह पटेल ने पदयात्रा में शामिल युवाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
यात्रा के समापन पर युवाओं के साहस और समर्पण की सराहना की गई। पदयात्रा पूरी करने के बाद सभी प्रतिभागियों को भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया। इस मौके पर समाज के कई वरिष्ठजन और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *