Spread the love

ई-नगरपालिका-2 पोर्टल से दो दर्जन सुविधाएं समय पर मिलेंगी
दमोह। प्रदेश की शहरी आबादी को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। नगरीय प्रशासन विभाग ई-नगर पालिका पोर्टल-2 लॉच करने की तैयारी में है। जिससे शहरी क्षेत्र के लोगों को दो दर्जन सेवाएं ऑनलाइन ही मिलेंगी। साथ ही सेवाओं के बदले समय पर राशि जमा नहीं करने पर पोर्टल-2 के माध्यम से संबंधित को वसूली नोटिस भी जारी होगा। खास बात यह है ई-नगरपालिका-2 पोर्टल में नगरीय विकास विभाग एआई टूल्स का समावेश कर रहा है। जिससे ज्यादातर सेवाएं उनके एवज में लिए जाने वाले शुल्क का क्रियान्वय मानव रहित होगा। फिलहाल पोर्टल-2 को प्रायोगिक तौर पर उपयोग में लाया जाएगा।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अनुसार ई-नगर पालिका-2 पोर्टल को मौजूदा तकनीक के हिसाब से डिजाइन किया गया है। दो साल पहले मौजूदा ई-नगर पालिका पोर्टल को हैक कर लिया गया था। इसके बाद से पोर्टल-2 को ऐसे डिजाइन कराया जा रहा है, जिससे हैकर्स से बचा जा सके। जल्द ही पोर्टल-2 को भोपाल समेत अन्य नगरीय निकायों में प्रायोगित तौर पर उपयोग में लाया जाएगा। प्रयोग सफल होने के बाद प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में ई-नगर पालिका पोर्टल-2 को लांच कर दिया जाएगा। हालांकि आयुक्त नगरीय प्रशासन सिबि चक्रवर्ती ने बताया कि नागरिक सुविधाओं को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम है। नया पोर्टल एआई आधारित है। पोर्टल लांच होने में अभी समय है।
वसूली पर रहेगा जोर
मौजूदा ई-नगर पालिका पोर्टल में सेवा कर एवं अन्य करों की समय पर वसूली को लेकर कोई विकल्प नहीं है। जबकि पोर्टल-2 में सभी तरह के कर वसूली में एआई की भूमिका रहेगी। यदि किसी व्यक्ति पर प्रदेश के किसी भी निकाय में कर बकाया है और यदि वह किसी भी निकाया में सेवा का लाभ लेता है तो पुराना रिकॉर्ड सामने आ जाएगा। यह संबंधित निकाय के अधिकारी के विवेक पर निर्भर करेगा कि संबंधित व्यक्ति को पिछला कर जमा कराए बिना नई सेवा का लाभ देना या नहीं। कर वसूली में ज्यादा पारदर्शिता है।
ये सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी
वर्तमान में ई-नगर पालिका पोर्टल पर 22 नागरिक सेवाएं और 15 माड्यूल उपलब्ध हैं। ई-नगरपालिका 2.0 में 24 सेवाएं और 16 माड्यूल होंगे। इसके अलावा, इसमें जीआइएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का भी समावेश है। अभी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना हो या नया नल कनेक्शन लेना हो तो नागरिकों को निकाय कार्यालय जाना पड़ता है। इसके अलावा कई अन्य सेवाओं के लिए भी कार्यालय जाना पड़ता है। नए पोर्टल से सभी सेवाएं घर बैठे ही मिलेंगी। इन सेवाओं मेें संपत्ति कर का नया खाता खोलना और कर जमा करना, नल कनेक्शन लेना और जलकर भुगतान, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना, दुकानों का लाइसेंस बनवाना, पेड़ काटने की अनुमति लेना, फायर एनओसी प्राप्त करना के अलावा अन्य सभी तरह के दस्तावेज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *