

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा दमोह शहर में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत तैयार भोजन लौकी टमाटर की सब्जी, अरहर दाल एवं चावल के नमूनें जांच हेतु लिए गए। थोक किराना दुकानों से गुड़ के नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण की कार्यवाही दमोह शहर में मुकेश नायक कॉलोनी स्थित मध्यान्ह भोजन रसोई घर में की गई। उक्त परिसर से दमोह शहर के 16 स्कूलों में सरदार वल्लभ भाई पटेल बचत साख समूह, काजल बचत साख समूह एवं श्री लक्ष्मी बचत साख समूह द्वारा मध्यान्ह भोजन वितरित किया जाता है। रसोईघर में पर्याप्त साफ सफाई रखने के निर्देश दिए गए। सभी मध्यान्ह भोजन वितरण संचालकों को कार्यरत कर्मचारियों के एनुअल मेडिकल परीक्षण प्रमाण पत्र बनवाने, कार्यरत कर्मचारियों को एप्रन, हेड कवर का उपयोग करने एवं फोस्टैक ट्रेनिंग प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
थोक किराना दुकानों में स्टेशन रोड स्थित फर्म भागचंद गिरीश कुमार इटोरिया, दीपक गुप्ता किराना एवं चरहाई बाजार स्थित माखीजा किराना भंडार से गुड़ के नमूने जांच हेतु लिए गए। उक्त खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर इस संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के द्वारा तैयार भोजन, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, सौंफ, जीरा, अरहर दाल, सोयाबीन बड़ी एवं गुड़ की गुणवत्ता की ऑन द स्पॉट जांच की गई है।
