
दमोह : कलेक्टर दमोह सुधीर कुमार कोचर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल ने दमोह शहर में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए फास्ट फूड दुकानों में विक्रय किए जा रहे मोमोज एवं वेज बर्गर के नमूने जांच हेतु लिए। कार्यवाही में दमोह शहर के जबलपुर रोड, स्टेडियम के सामने स्थित एजे फूड प्वाइंट का निरीक्षण किया। मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित मोमोज एवं वेज बर्गर के नमूने जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। मौके पर मैजिक बॉक्स की सहायता से विभिन्न प्रकार की फास्ट फूड निर्माण खाद्य सामग्री आदि की ऑन द स्पॉट गुणवत्ता जांच की गई । मौके पर फास्ट फूड दुकानदारों एवं आम नागरिकों को अजीनोमोटो के उपयोग से मानव शरीर पर होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई एवं फास्ट फूड दुकानदारों को अजीनोमोटो के फास्ट फूड आइटम में उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

अजीनोमोटो जिसे मोनोसेडियम ग्लूटामेट भी कहा जाता है, एक स्वाद बढ़ाने वाला पदार्थ है जिसका उपयोग कई प्रोसेस्ड और रेस्तरां के भोजन में किया जाता है। इसे खाने के बाद कई दुष्प्रभाव हो सकते हैं। अजीनोमोटो खाने के बाद कुछ लोगों को सिरदर्द या माइग्रेन हो सकता है। यह शरीर के तापमान को प्रभावित कर सकता है, जिससे अधिक पसीना आ सकता है।अजीनोमोटो के प्रति संवेदनशील लोगों में दिल की धड़कन तेज हो सकती है। कुछ लोगों को अजीनोमोटो लेने के बाद अपच, उल्टी या मतली महसूस हो सकती है। कुछ मामलों में हाथ और पैरों में सुन्नता या झुनझुनी महसूस हो सकती है। अजीनोमोटो ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकता है, विशेष रूप से हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों में यह समस्या हो सकती है, अजीनोमोटो न्यूरोलॉजिकल समस्याओं को बढ़ा सकता है और चिंता या घबराहट पैदा कर सकता है। अस्थमा रोगियों में सांस लेने की समस्या बढ़ा सकता है। अधिक मात्रा में सेवन करने पर यह किडनी एवं लीवर पर दबाव डाल सकता है।
