
आवेदन 4 अप्रैल तक
दमोह : राज्य शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की मूल गौवंशीय नस्ल एवं भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों को पुरूस्कृत किये जाने हेतु विकासखण्ड स्तर पर 02 अप्रैल से 04 अप्रैल 2025 तक आवेदन आमंत्रित किये गये है। योजना अंतर्गत अधिक दुग्ध उत्पादन देने वाली गायों के पशुपालकों को पुरूस्कृत किया जायेगा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक ने बताया प्रदेश की मूल गौवंशीय नस्ल योजना अंतर्गत सभी वर्ग के पशुपालक जिनके पास दमोह जिले की केनकथा नस्ल की गाय जिसका दुग्ध उत्पादन प्रतिदिन 04 लीटर अथवा इससे अधिक है, भारतीय उन्नत नस्ल योजना के अंतर्गत सभी वर्ग के पशुपालक जिनके पास भारतीय नस्ल की उन्नत दुधारू गाय जिसका दुग्ध उत्पादन 06 लीटर अथवा इससे अधिक है आवेदन कर सकते है। उन्होंने जिले के समस्त पशुपालकों को सूचित किया है कि संबंधित विकास खण्ड की पशु चिकित्सालय संस्था से आवेदन प्राप्त कर आवेदन विकासखण्ड स्तरीय संस्था पशु चिकित्सालय पर 04 अप्रैल 2025 शाम 04 बजे तक जमा कर सकेंगे। विकासखण्ड स्तर पर प्राप्त समस्त आवेदनों को जिला कार्यालय उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग दमोह में भेजा जायेगा जहाँ गठित समिति द्वारा परीक्षण उपरांत पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जायेगी ।
पात्र हितग्राहियों की गायों को 05, 06 एवं 07 अप्रैल को समिति के समक्ष तीन समय दुग्ध उत्पादन का रिकार्ड तैयार किया जाकर उसे वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जायेगा। सबसे अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली प्रथम, द्वितीय, तृतीय गाय को पुरूस्कृत किये जाने हेतु सूची वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित की जावेगी।आवेदन हेतु विस्तृत जानकारी नजदीकी खण्ड स्तरीय पशु चिकित्सालय से संपर्क कर प्राप्त की जा सकेगी।
