Spread the love

पुलिस का छापा 3 गिरफ्तार, 22 हजार जब्त
जबलपुर। चरगवां पुलिस और क्राईम ब्रांच की टीम ने कलार पिपरिया स्थित एक खेत में बने फार्म हाउस के आंगन में आईपीएल क्रिकेट सट्टे के अड्डे पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं, जिनके पास से 6 मोबाईल, 1 केलकुलेटर, सट्टा पट्टी एवं नगदी 22 हजार 50 रूपये जब्त किए गए है| पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हार जीत के 20 प्रतिशत कमीशन में किसी दीपक नाम के व्यक्ति के कहने पर सट्टे की बुकिंग करते है| पुलिस दीपक की तलाश कर रही है|
चरगवां थाना के उपनिरीक्षक अभिषेक प्यासी ने बताया कि गत रात ग्राम कलार पिपरिया में जितेन्द्र राय जमुनिया वाले के खेत में बने फार्म हाउस के आंगन में रानू राय अपने साथियों के साथ मोबाइल से आधुनिक संसाधनों का उपयोग करते हुये मुम्बई इंडियंस एवं रायल चैलेन्जर्स बैंगलुरू के आईपीएल क्रिकेट मैच में टीम की हार जीत पर सट्टा खिला रहे थे| मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यहां दबिश दी| मौके पर देवेन्द्र उर्फ रानू राय उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम ललपुर थाना तिलवारा, जितेन्द्र उर्फ जित्तू राय उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम जमुनिया , संजय उर्फ संजू बर्मन उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम सेमरा बताये, रानू राय के मोबाइल पर क्रिकेट लाईन गुरू एप एवं जूम वर्कप्लेस में यूजरनेम सांईरामस जूम मीटिंग एप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच टीम आरसीबी (रायल चैलेन्जर्स बैंगलुरू) एवं एमआई (मुम्बई इंडियंस) के मैच में खिलाड़ियों को जोड़कर एवं फोन के माध्यम से सट्टे का दांव कागज में लिखते पकड़े गए|
पूछताछ करने पर सभी आरोपियों ने आनलाईन हारजीत का सट्टा सामुहिक रूप से खिलाना स्वीकार किया, आरोपी रानू राय ने पूछताछ पर दीपक नाम के व्यक्ति के कहने पर गांव देहात के खिलाड़ियों को जोड़कर आईपीएल क्रिकेट मैच पर आनलाईन सट्टा लगवाना तथा प्रत्येक दिन की सट्टे की कमाई का 20 प्रतिशत दीपक द्वारा देना बताया। आरोपी जितेन्द्र उर्फ जित्तू राय एवं संजय बर्मन ने पूछताछ पर रानू राय के कहने पर सट्टे के लिये खिलाड़ी तलाशना जिसमें प्रतिदिन के 500-500 रूपये रानू राय द्वारा देना बताया।
पुलिस ने चारों सटोरियों के विरूद्ध धारा 4(क) सट्टा एक्ट एवं 49 बीएनएस के तहत कार्यवाही कर मामला जांच में लिया है| फरार दीपक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *