
शाह बोले- 2026 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे – भाजपा 4 सीटों पर जीती थी
चेन्नई। गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को चेन्नई में एआईएडीएमके के साथ गठबंधन का ऐलान किया। उन्होंने कहा 2026 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव एआईएडीएमके प्रमुख ई पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। सीटों का बंटवारा बाद में चर्चा के बाद तय किया जाएगा। शाह ने कहा कि गठबंधन को लेकर एआईएडीएमके की कोई डिमांड या मांग नहीं है। पार्टी का एनडीए में शामिल होना दोनों के लिए ही बहुत फायदेमंद है।
अगला चुनाव डीएमके सरकार के भ्रष्टाचार, दलितों पर, महिलाओं पर अत्याचार के आधार लड़ा जाएगा। लोग डीएमके से घोटालों पर जवाब मांग रहे हैं, चुनाव में इन मुद्दों पर वोट देंगे। सितंबर 2023 में तत्कालीन तमिलनाडु प्रमुख अन्नामलाई की गई कुछ टिप्पणियों के कारण अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (एआईएडीएमके) एनडीए से अलग हो गई थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि कुछ मुद्दों पर एआईएडीएमके के अलग-अलग रुख हैं। लेकिन इस पर हम बैठकर चर्चा करेंगे, जरूरत पड़ी तो न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी होगा। इधर, शुक्रवार को ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का नाम भी सामने आ गया। तिरुनेलवेली से भाजपा विधायक नयनार नागेन्द्रन भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं। इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन शाह के एक एक्स पोस्ट के मुताबिक नयनार का नाम वर्तमान पार्टी प्रमुख के अन्नामलाई ने प्रस्तावित किया था।
पिछले चुनाव मेंगठबंधन को 75 सीटें ही मिली थी
2021 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में डीएमके ने राज्य की कुल 234 सीटों में से 133 पर जीत हासिल की। डीएमके गठबंधन ने कुल 159 सीटों पर जीत दर्ज की। एनडीए गठबंधन केवल 75 सीटें ही जीत सका। एआईएडीएमके को 66 सीटें मिली थीं। भाजपा 4 सीटों पर जीती थी। गठबंधन के अन्य दलों को 5 सीटें मिली थी। एआईएडीएमके ने लगातार दो कार्यकाल (2011-2021) तक राज्य पर शासन किया। जीत के बाद, एमके स्टालिन राज्य के मुख्यमंत्री बने। एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में एआईएडीएमके ने सोलहवीं तमिलनाडु विधानसभा में विपक्षी दल का पद संभाला। सितंबर 2023 में तमिलनाडु के भाजपाप्रदेश अध्यक्ष रहे अन्नामलाई की कुछ टिप्पणियों के कारण अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (एआईएडीएमके) एनडीए से अलग हो गई थी।
