Spread the love

सामान्य के मुकाबले 1500 प्रतिशत ज्यादा लोड
शिमला। बॉलीवुड अभिनेत्री व बीजेपी सांसद कंगना रनोट मनाली में घर के बिजली बिल को लेकर दिए बयान के बाद फंस गई हैं। उन्होंने कहा था कि जिस घर में वह रहती भी नहीं, वहां सुक्खू सरकार ने 1 लाख रुपए का बिल भेज दिया।
कंगना के बयान पर प्रदेश के बिजली बोर्ड के अधिकारी सामने आए हैं। उन्होंने कहा है कि कंगना बिजली बिल की अवधि और अमाउंट को लेकर झूठ बोल रही हैं। उल्टा वे बिल ही नहीं भरतीं। इसके अलावा लोड से ज्यादा बिजली भी यूज कर रही हैं।
पूरे मामले में बिजली बोर्ड के अधिकारी ने कहा कि कंगना का बिल 90 हजार 384 रुपए था। यह भी एक नहीं, बल्कि 2 माह का है। कंगना ने जनवरी और फरवरी का बिल नहीं भरा था। कंगना ने 28 मार्च को यह बिल चुकाया है। इसके पहले कंगना ने बीते साल अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर का 82,061 रुपए का बिजली बिल भी जनवरी में भरा।
बिजली बोर्ड के अधिकारी ने कहा कि कंगना के घर बिजली का लोड 94.82 किलोवाट है, जो एक सामान्य घर के मुकाबले 1500 प्रतिशत ज्यादा है। कंगना के घर में न रहने को लेकर बिजली विभाग के अधिकारी ने कहा कि बिजली की मासिक खपत औसत रूप से 5,000 यूनिट से लेकर 9,000 यूनिट तक है।
इतना ही नहीं कंगना को बतौर सांसद हिमाचल सरकार द्वारा बिजली पर दी जा रही सब्सिडी भी मिल रही है। फरवरी-मार्च 2025 के बिल में कंगना को 700 रुपए माह के हिसाब से सब्सिडी मिली। इसके उलट हिमाचल के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और ज्यादातर अधिकारी सब्सिडी छोड़ चुके हैं।
वहीं अब मामले में हिमाचल सरकार में प्रधान मीडिया सलाहकार एवं कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख नरेश चौहान ने बताया कि सांसद के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए कंगना ने झूठ बोला है। कंगना बहुत समय बाद मंडी आई हैं। जनता अपनी सांसद से सवाल न करे, इसलिए लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बातें कर रही हैं। बिजली बोर्ड ने मीटर की रीडिंग लाकर सच्चाई सामने ला दी है। कंगना ने खुद 3 महीने से बिल नहीं भरा और सरकार पर इसतरह आरोप लगा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *