हटा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा का हुआ अनावरण



दमोह: प्रदेश के वन एवं पर्यावरण विभाग राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, पशुपालन राज्यमंत्री लखन पटैल, संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह, विधायक हटा उमादेवी खटीक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल ने आज हटा में चंडी जी तिराहा के पास डॉ.भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का अनावरण किया। इस अवसर पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सभी के बारे में सोचते हैं, भोपाल में बनाए गए फ्लाई ओवर का नामकरण डॉक्टर अंबेडकर जी के नाम पर किया गया। इसके अलावा हाल ही में सागर जिले में अभ्यारण बनाने की घोषणा की गई है, जिसे हमारे बाबा साहब के नाम से जाना जाएगा। डॉ.बाबा साहेब अंबेडकर के द्वारा बनाये गये संविधान से आज हम सब एक साथ बैठ पा रहे है।
उन्होंने पशुपालन राज्यमंत्री लखन पटेल का आभार व्यक्त करते हुये कहा पशुपालन विभाग द्वारा योजना का नाम भी डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी के नाम से रखा गया है, निश्चित ही हमारी सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए कार्य करती है, सरकार बाबा साहब के नाम पर विकास कार्य समर्पित करती है। उन्होंने कहा कि दमोह जिले के हटा में दो मंत्रियो, सांसद और विधायक सहित सभी की उपस्थिति में बाबा साहब का कार्यक्रम किया गया उनकी मूर्ति का अनावरण किया गया सभी प्रदेशवासियों को आज के शुभ अवसर की बधाई शुभकामनाएं देता हूं।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा आज बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा का लोकापर्ण और माल्यार्पण का अवसर हम सभी को मिला। संविधान निर्माण में डॉ. अबेडकर जी का योगदान अद्भुत अविस्मरणीय है। बाबा साहेब अंबेडकर जी ने एकरूपता का संविधान दिया छुआछूत को महापाप बताकर समरसता का संदेश दिया, डॉ अबेडकर जी के विचार हम सभी को प्रेरित करते है। उन्होंने कहा एक समाज की स्थापना हमको करनी चाहिए और छुआछूत की महामारी जड़ से देश से समाप्त होनी चाहिये।
राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा हमारे भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी ने जो हमें रास्ता दिखाया है हम सभी उसी रास्ते पर चलें और उसको आगे बढ़ने का काम करें सभी को मेरी ओर से शुभकामनाएं। उन्होंने कहा डॉ. अंबेडकर जी ने इस देश को एक संविधान दिया, जिसके तहत देश का प्रत्येक नागरिक कानून के दायरे में रहता है।

दमोह सांसद राहुल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को बाबा साहब की जयंती की शुभकामनाएं देते हुये कहा मंच के माध्यम से सभी को आश्वस्त करता हूं कि केंद्र में मोदी जी और प्रदेश में मोहन यादव जी की सरकार के माध्यम से मप्र के सभी क्षेत्रों में समुचित विकास होगा। सभी क्षेत्र में समानरूप से विकास होगा।
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कार्यक्रम में मौजूद मंत्रीगण से मांग रखी की हटा विधानसभा क्षेत्र के मडियादों में पन्ना टाइगर रिजर्व अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में पर्यटकों के लिए सफारी गेट बनाया जाए ताकि क्षेत्र का विकास हो सके, इसके अलावा हटा के पुराने वन विभाग आफिस को रेस्ट हाउस के रूप में जीर्णोद्धार की भी मांग रखी, पटेरा में वन विभाग के तालाब के जीर्णोद्धार की मांग के साथ हटा विधायक ने राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह से कुडई गांव के भारत माता मंदिर के नवनिर्माण की मांग रखी। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रतनचंद जैन, प्रशांत पाठक ने भी अपने विचार रखे।


